पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा से बृजभूषण शरण सिंह की शिष्टाचार मुलाकात।

न्यूज़ डायरी टुडे,नोएडा।

भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा से उनके नोएडा स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर बृजभूषण शरण सिंह के नेतृत्व में नोएडा में आयोजित प्रो रेसलिंग लीग के सफल आयोजन, खिलाड़ियों और पैरा खिलाड़ियों को मिल रहे मंच तथा खेलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा हुई।


खेल और पैरा खेल संस्कृति को नई दिशा दे रहीं शालिनी सिंह


मुलाकात के दौरान पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा ने शालिनी सिंह द्वारा नोएडा में खेल एवं पैरा खेल संस्कृति को मजबूती देने, जमीनी स्तर पर सामान्य व पैरा प्रतिभाओं को आगे लाने तथा ओलंपिक और पैरा ओलंपिक में देश के पदकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि शालिनी सिंह के नेतृत्व में कुश्ती सहित अन्य खेलों और पैरा खेलों को नई पहचान मिल रही है।

युवाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास
कलराज मिश्रा ने कहा कि इन पहलों से युवा खिलाड़ी और पैरा खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर पा रहे हैं। इससे न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और देश के प्रति समर्पण की भावना भी मजबूत हो रही है।

पूर्व राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि शालिनी सिंह के सशक्त नेतृत्व में भारत के खिलाड़ी और पैरा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की विजय-पताका लहराएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास भारत को वैश्विक खेल शक्ति के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

शिक्षा और छात्रों के हितों पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान यूजीसी से जुड़े विषयों पर छात्रों के हित में आवाज उठाने तथा शिक्षा क्षेत्र में संतुलित और न्यायसंगत नीतियों के समर्थन के लिए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की ओर से पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया गया।