Noida News: सेक्टर-4 फैक्ट्री में भीषण आग, DM मेधा रूपम ने अस्पताल में घायलों से की मुलाकात।

✍️ योगेश राणा

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

Noida : नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक बिजली मीटर बनाने वाली कंपनी में आज (12 मार्च 2026) सुबह भीषण आग लग गई। इस घटना में 26 कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी (DM) मेधा रूपम ने अस्पताल पहुँचकर घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए। बता दें कि गुरुवार सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच सेक्टर-4 स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड नामक कंपनी में आग लग गई। यह कंपनी बिजली के मीटर बनाने का काम करती है। आग लगने के समय लगभग 240 से 250 श्रमिक नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे और सूचना मिलते ही दमकल की 20 से अधिक गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। धुएँ और लपटों के बीच फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े गए और सीढ़ियों का सहारा लिया गया।घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह के अनुसार, झुलसने और दम घुटने के कारण घायल हुए 26 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ कर्मचारी आईसीयू (ICU) में हैं और कुछ को फ्रैक्चर हुआ है, हालांकि सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घायलों का हाल-चाल लेने पहुंचे डीएम!

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम मेधा रूपम ने सेक्टर-39 जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने घायल श्रमिकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।