ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा : पानी से भरे गड्ढे में डूबकर 5 साल के बच्चे की मौत।

✍️ योगेश राणा।

क्या प्रशासनिक लापरवाही बनी मौत की वजह? प्रीत विहार में मासूम की जान गई।

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में हाल ही में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ 5 साल के मासूम बच्चे की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह घटना 19 मार्च 2026 को बादलपुर थाना क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी में हुई। बता दें कि बादलपुर कोतवाली क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी में रहने वाले उमेश कुमार का 5 वर्षीय बेटा देव बुधवार दोपहर स्कूल से लौटने के बाद घर के पास खेलने निकला था। खेलते समय वह पास के एक खाली खेत में बने गहरे गड्ढे में गिर गया,जिसमें कॉलोनी का गंदा पानी जमा था और बच्चे को गड्ढे से निकालकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम देव छपरौला गांव के एक स्कूल में नर्सरी का छात्र था और स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस खतरनाक गड्ढे और जलभराव की शिकायतें पहले भी की गई थीं, लेकिन अधिकारियों ने इसकी सुध नहीं ली। घटना के समय और बाद में भी खतरे की पहचान करने वाले जिम्मेदार अधिकारी मौके से गायब रहे,जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और
इसी तरह की पिछली घटनाओं (जैसे दलेलगढ़ और चिपियाना की घटनाएं) में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया था कि जमीन निजी मालिक की है और वह सरकारी तालाब नहीं है। इस मामले में भी अभी तक किसी पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई है।

क्षेत्र में बढ़ता डर:

पिछले दो महीनों में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में डूबने की यह तीसरी या चौथी बड़ी घटना है। इससे पहले सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज मेहता और दलेलगढ़ में 3 साल के बच्चे की भी इसी तरह मौत हो चुकी है।