भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय में पसमांदा मुस्लिम समाज के उत्थान पर गहन मंथन : एहसान अब्बासी ने रखी समाज की समस्याएं, कुंवर बासित अली ने दिया ठोस आश्वासन।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में पसमांदा मुस्लिम समाज की शिक्षा, रोजगार, आर्थिक पिछड़ेपन और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष एहसान अब्बासी ने समाज की समस्याएं उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक बात पहुंचाने का आग्रह किया, जिस पर कुंवर बासित अली ने समाज के उत्थान के लिए ठोस कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

News Diary Today | New Delhi News

दिल्ली न्यूज़ | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित ‘सामाजिक समस्याओं की सुनवाई’ कार्यक्रम के तहत पसमांदा मुस्लिम समाज के उत्थान और विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस कार्यक्रम में पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एहसान अब्बासी ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली से शिष्टाचार भेंट की और समाज से जुड़े विभिन्न संवेदनशील व ज्वलंत मुद्दों पर सार्थक चर्चा की। बता दें कि मुलाकात के दौरान एहसान अब्बासी ने देश में पसमांदा और समग्र मुस्लिम समाज की वर्तमान सामाजिक व आर्थिक परिस्थितियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि शैक्षणिक और आर्थिक पिछड़ेपन के कारण आज भी मुस्लिम समाज का एक बड़ा तबका देश की मुख्य धारा से पूरी तरह नहीं जुड़ पाया है। इस दौरान उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित किया।धार्मिक शिक्षण संस्थानों और इस्लामी संस्थाओं के सुचारू संचालन और उनके आधुनिकीकरण पर चर्चा की गई।देश भर में स्थित धार्मिक स्थलों के संरक्षण और सुरक्षा से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया गया।युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार और कौशल विकास की नई संभावनाओं पर जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री मोदी तक बात पहुंचाने का आग्रह!

एहसान अब्बासी ने कुंवर बासित अली से विशेष निवेदन किया कि वे मुस्लिम समाज की इन वास्तविक परिस्थितियों और चुनौतियों से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवगत कराएं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आने वाले समय में समाज की उन्नति और प्रगति के लिए बेहतर कल्याणकारी योजनाएं बनाई जाएंगी, जिससे समाज का वास्तविक उत्थान संभव हो सके।

हर संभव प्रयास और कठोर कदम उठाने का आश्वासन!

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने एहसान अब्बासी की सभी बातों को बेहद गंभीरता और शांतिपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार और पार्टी नेतृत्व ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ मुस्लिम समाज की बेहतरी के लिए प्रतिबद्ध है।कुंवर बासित अली ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में मुस्लिम समाज की मजबूती, बेहतर शिक्षा, रोजगार के नए अवसरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि मुस्लिम समाज का हर वर्ग शिक्षित और सशक्त होकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपना अहम योगदान निभा सके।

Author