उत्तर प्रदेश शासन ने IAS वंदना त्रिपाठी के तबादला आदेश में संशोधन करते हुए उन्हें सहारनपुर के बजाय NCR गाजियाबाद में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी है। पहले उन्हें सहारनपुर मंडल भेजा गया था, लेकिन नए आदेश के बाद उनकी तैनाती दिल्ली-NCR में ही रहेगी। जानिए, तबादले के इस पूरे घटनाक्रम की कहानी।
News Diary Today | Lucknow/Noida News
लखनऊ/नोएडा न्यूज़ | उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में एक बार फिर तबादलों को लेकर दिलचस्प मोड़ देखने को मिला है। नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) के पद पर तैनात रहीं वरिष्ठ IAS अधिकारी वंदना त्रिपाठी के तबादला आदेश में शासन ने बड़ा संशोधन किया है। बता दें कि बीते दिनों उत्तर प्रदेश शासन ने 38 IAS अधिकारियों की तबादला सूची जारी की थी। इस सूची के तहत करीब चार वर्षों से नोएडा अथॉरिटी में तैनात वंदना त्रिपाठी को स्थानांतरित कर अपर आयुक्त, सहारनपुर मंडल बनाया गया था। वहीं, उनकी जगह बरेली मंडल की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का नया ACEO नियुक्त किया गया था।शासन के इस त्वरित बदलाव ने एक बार फिर यूपी की ब्यूरोक्रेसी में ‘पावर कॉरिडोर’ के प्रभाव को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
सिफारिश और पारिवारिक कारणों से बदला फैसला-?
प्रशासनिक गलियारों में इस बात की ज़ोरदार चर्चा है कि वंदना त्रिपाठी के सहारनपुर तबादले के बाद उच्च स्तर पर प्रभावी पैरवी और सिफारिश की गई। बताया जा रहा है कि उनके पति नई दिल्ली स्थित रेलवे बोर्ड में एक बेहद उच्च और महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं। दिल्ली-एनसीआर में पारिवारिक और प्रशासनिक तालमेल को देखते हुए नियुक्ति विभाग ने अपने पुराने आदेश को निरस्त कर दिया।
नई जिम्मेदारी: अपर आयुक्त, NCR गाजियाबाद
संशोधित आदेश के अनुसार, अब वंदना त्रिपाठी को सहारनपुर के बजाय अपर आयुक्त, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR), गाजियाबाद के पद पर तैनात किया गया है। इस नई तैनाती के साथ ही वह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में ही अपनी प्रशासनिक सेवाएं जारी रखेंगी।
प्रशासनिक सफर पर एक नज़र!
वंदना त्रिपाठी मूल रूप से वर्ष 2000 बैच की पीसीएस (PCS) अधिकारी रही हैं। अक्टूबर 2021 में उन्हें पदोन्नत कर IAS कैडर मिला था। जून 2022 में प्रयागराज से तबादला होकर वह विशेष कार्याधिकारी (OSD) के रूप में नोएडा प्राधिकरण आई थीं। इसके बाद सितंबर 2023 में उन्हें पदोन्नत कर नोएडा अथॉरिटी का ACEO बनाया गया, जहाँ उन्होंने ग्रुप हाउसिंग, कमर्शियल और जनगणना जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों का कामकाज संभाला।