ग्रेटर नोएडा में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी दीपू उर्फ पप्पू समेत दो शातिर चेन स्नैचर घायल।

ग्रेटर नोएडा में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ जारी है। थाना बीटा-2 पुलिस और बदमाशों के बीच ढकिया बाबा गोलचक्कर के पास हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी चेन स्नैचर दीपू उर्फ पप्पू और उसका साथी मोनू गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी एनसीआर में चेन स्नैचिंग की कई वारदातों में शामिल रहे हैं।

News Diary Today | Noida News

ग्रेटर नोएडा न्यूज़ | शहर में अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना बीटा-2 पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ढकिया बाबा गोलचक्कर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस और दो शातिर चेन स्नैचरों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश दीपू उर्फ पप्पू और उसका साथी मोनू पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें मौके से दबोच लिया गया। बता दें कि थाना बीटा-2 पुलिस की टीम ढकिया बाबा गोलचक्कर के पास नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

खाकी का करारा जवाब!

बदमाशों की ओर से गोलीबारी होने पर पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली सीधे दोनों बदमाशों के पैर में जा लगी, जिससे वे अनियंत्रित होकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। गोली लगते ही दोनों बदमाश दर्द से कराहते हुए पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगे, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

बदमाशों की पहचान और बरामदगी!

गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू (जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था) और मोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल बदमाशों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की एक मोटरसाइकिल एवं दो अवैध तमंचे (.315 बोर) तथा जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं और एनसीआर क्षेत्र में राहगीरों व महिलाओं से चेन स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास (क्रिमिनल रिकॉर्ड) को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।

Author