नोएडा के सेक्टर-136 में साइबर गुलामी और अंतरराष्ट्रीय ठगी के एक बड़े नेटवर्क का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यहां नौकरी का झांसा देकर इंडोनेशिया और मलेशिया से लाए गए 164 विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर उनसे जबरन साइबर ठगी कराई जा रही थी। छापेमारी में 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप और 174 पासपोर्ट समेत भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नोएडा के सेक्टर-136 में चल रहे एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ‘साइबर स्लेवरी’ (साइबर गुलामी) और मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इंटर-स्टेट सेल की इस कार्रवाई में 164 विदेशी नागरिकों को बंधक मुक्त कराया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इतने बड़े स्तर पर विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर अंतरराष्ट्रीय ठगी का नेटवर्क नोएडा में संचालित हो रहा था और स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। बता दें कि इस पूरे रैकेट का खुलासा तब हुआ जब बंधक बनाए गए एक विदेशी नागरिक ने किसी तरह पुलिस को एक गुप्त ईमेल भेजकर मानव तस्करी और जबरन ठगी कराए जाने की सूचना दी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने नोएडा के सेक्टर-136 स्थित कॉल सेंटर और एक पीजी (PG) पर छापेमारी की।
कैसे चलता था ‘साइबर गुलामी’ का यह खेल?
सिंडिकेट के सदस्य इंडोनेशिया और मलेशिया के 19 से 25 साल के युवाओं को अच्छी नौकरी का लालच देकर बिजनेस वीजा पर भारत बुलाते थे। इनमें से अधिकतर युवा पहली बार भारत आए थे।भारत पहुंचने के तुरंत बाद गिरोह के लोग उनके पासपोर्ट और दस्तावेज छीन लेते थे और उन्हें एक पीजी में बंधक बनाकर रखते थे।इन युवाओं को बाकायदा स्क्रिप्ट और ट्रेनिंग दी जाती थी। इनसे उन्हीं के देश (इंडोनेशिया और मलेशिया) के नागरिकों को कॉल करवाकर ‘पिग बुचरिंग’ (निवेश के नाम पर ठगी) और अन्य साइबर फ्रॉड कराए जाते थे।
मुक्त कराए गए नागरिक और भारी बरामदगी?
मुक्त कराए गए 164 लोगों में 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं (कुछ शुरुआती रिपोर्टों में यह आंकड़ा उलट भी बताया गया है, हालांकि बरामद पासपोर्ट में 95 इंडोनेशिया और 79 मलेशिया के हैं)। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं।355 मोबाइल फोन,168 डेस्कटॉप कंप्यूटर,26 लैपटॉप एवं 174 पासपोर्ट और 53 सिम कार्ड।
मास्टरमाइंड की तलाश?
पुलिस ने मौके से मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई उर्फ विलियम (25) को गिरफ्तार किया है, जो वहां काम की निगरानी करता था। वहीं, इस गिरोह के मुख्य सरगना सुनील कुमार और पीजी व अन्य व्यवस्थाएं संभालने वाले सुशील भाटी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। दोनों देशों के दूतावासों (Embassy) को सूचित कर दिया गया है ताकि सभी नागरिकों को सुरक्षित उनके देश वापस भेजा जा सके।