उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा बदलाव हुआ है। वरिष्ठ IPS अधिकारी आलोक सिंह को UPPSC का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ की एक्सक्लूसिव खबर पर शासन की मुहर लगने के साथ ही प्रदेश के चारों प्रमुख भर्ती बोर्डों की कमान IPS अधिकारियों के हाथों में पहुंच गई है।
लखनऊ | उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक गलियारों से आज की सबसे बड़ी और चर्चित खबर सामने आई है। ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ द्वारा पहले ही दी गई एक्सक्लूसिव जानकारी पर आखिरकार योगी सरकार ने आधिकारिक मुहर लगा दी है। 1995 बैच के तेजतर्रार और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। गुरुवार को शासन की ओर से उनकी नियुक्ति का औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया। बता दें कि निवर्तमान अध्यक्ष संजय श्रीनेत का कार्यकाल 21 नवंबर को समाप्त होने के बाद से ही इस प्रतिष्ठित पद को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, जिस पर अब पूरी तरह विराम लग गया है।आगामी चुनावों को देखते हुए सरकार की प्राथमिकता है कि आयोग की लंबित भर्ती परीक्षाओं को बिना किसी पेपर लीक या विवाद के समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। पुलिस महकमे में सख्त मॉनिटरिंग के लिए मशहूर आलोक सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपना सरकार की ‘पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती’ की रणनीति का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है।
60 से अधिक दिग्गजों के बीच मारी बाजी?
आयोग के अध्यक्ष पद के लिए प्रदेश भर के 60 से ज्यादा वरिष्ठ सेवारत और सेवानिवृत्त नौकरशाहों (IAS और IPS) ने आवेदन किया था। इस दौड़ में कई बड़े प्रशासनिक नाम शामिल थे, लेकिन सरकार ने आलोक सिंह की स्वच्छ छवि, सख्त कार्यशैली और प्रशासनिक अनुभव पर भरोसा जताया।आलोक सिंह की नियुक्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में एक नया इतिहास बन गया है। अब प्रदेश की सभी चार प्रमुख भर्ती संस्थाओं की कमान सेवारत या सेवानिवृत्त IPS अधिकारियों के हाथों में आ गई है।UPPSC (लोक सेवा आयोग): IPS आलोक सिंह (वर्तमान DG)।UPSSSC (अधीनस्थ सेवा चयन आयोग): पूर्व DGP सत्यनारायण साबत।UP शिक्षा सेवा चयन आयोग: पूर्व DGP प्रशांत कुमार।UP पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड: DGP एस.बी. शिरडकर।
रिटायरमेंट से ठीक पहले मिली बड़ी जिम्मेदारी!
आलोक सिंह वर्तमान में पीएसी (PAC) के महानिदेशक (DG) हैं और उनके पास यूपी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) के डीजी का अतिरिक्त प्रभार भी है। उनका आईपीएस सेवा से नियमित रिटायरमेंट जनवरी 2027 में होना था, लेकिन अब अध्यक्ष बनने के बाद वह नियमानुसार 62 वर्ष की आयु (लगभग 2 साल) तक आयोग की कमान संभालेंगे।मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले आलोक सिंह ने फिजिक्स-मैथ्स से B.Sc., इकोनॉमिक्स से M.A. और फाइनेंस-मार्केटिंग में MBA किया है। जनवरी 2020 में जब गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में कमिश्नरेट प्रणाली लागू हुई थी, तब उन्हें ही नोएडा का पहला पुलिस कमिश्नर बनाया गया था।