✍️ योगेश राणा
न्यूज़ डायरी टुडे,नोएडा।
Noida Police: नोएडा के सेक्टर-58 थाना पुलिस और क्राइम रिस्पॉन्स टीम (CRT) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जीएसटी (GST) चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए वांछित अभियुक्त रोहन गुप्ता को गिरफ्तार किया है। रोहन, जो कि नोएडा के सेक्टर-62 का निवासी है, उसे पुलिस ने छोटा डी पार्क के पास से घेराबंदी कर पकड़ा। बता दें कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रोहन गुप्ता अपने साथियों के साथ मिलकर ‘के.एस. इंटरप्राइजेज’, ‘आलम इंटरप्राइजेज’, ‘सीपी ट्रेडर्स’ और ‘ट्रेडियोग्राफी’ जैसी कई फर्जी फर्में संचालित कर रहा था। इन फर्मों के जरिए बिना किसी वास्तविक खरीद-फरोख्त (Goods exchange) के केवल फर्जी इनवॉयस (बिल) जारी किए जाते थे। इस प्रक्रिया के माध्यम से गिरोह ने कुल 1,74,11,987 रुपये का बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम कर सरकार को राजस्व का भारी नुकसान पहुँचाया और पुलिस ने आरोपी के पास एक मोबाइल फोन,एक टैबलेट,दो फर्जी आधार कार्ड (पहचान छिपाने और फर्में बनाने के लिए इस्तेमाल) सहित अन्य सामान बरामद किया है।
आयकर विभाग की शिकायत पर दर्ज हुई थी प्राथमिक की रिपोर्ट!
राज्य कर अधिकारी की शिकायत पर इस मामले में थाना सेक्टर-58 में मुकदमा अपराध संख्या 387/25 दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340 के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है और सेक्टर-58 पुलिस का कहना है कि रोहन गुप्ता इस गिरोह की एक महत्वपूर्ण कड़ी है और फिलहाल पुलिस इस रैकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं और क्या इसमें किसी विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत तो नहीं है।