Noida Sector-4 Fire: बिजली मीटर बनाने वाली कंपनी में भीषण आग, राहत कार्य जारी।

✍️ योगेश राणा।

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

थाना फेस-1 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-4 स्थित ‘कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड’ कंपनी में आज सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कंपनी परिसर में अचानक भीषण आग लग गई। यह कंपनी मुख्य रूप से बिजली के मीटर बनाने का कार्य करती है। बता दें कि सुबह काम के दौरान अज्ञात कारणों से कंपनी की बिल्डिंग में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ तत्काल मौके पर पहुँचीं।

राहत और बचाव कार्य!

आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की कई टीमें जुटी हुई हैं। इस हादसे में कुछ कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। मौके पर नोएडा पुलिस के अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा व डीसीपी नोएडा साद मियां खां तथा एडीसीपी मनीषा सिंह सिंह सहित पुलिस के उच्चाधिकारी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) गौतमबुद्धनगर खुद मौजूद रहकर बचाव व राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और फंसे हुए किसी भी अन्य व्यक्ति को सुरक्षित निकालने की है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जाँच की जा रही है। मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात है।