एसीपी प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में चला चेकिंग अभियान
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में नोएडा के प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा और यातायात अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व एसीपी प्रथम नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने किया, जिसे डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद और एडीसीपी शैव्या गोयल के पर्यवेक्षण में संपन्न किया गया। बता दें कि चेकिंग अभियान मुख्य रूप से सेक्टर-37, जीआईपी कट और थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में संचालित किया गया और अभियान का प्राथमिक उद्देश्य ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ (शराब पीकर वाहन चलाना) पर प्रभावी रोक लगाना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा और पुलिस बल द्वारा रणनीतिक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों की गहराई से जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
निरंतर भ्रमणशील रहे पुलिसकर्मी: एसीपी प्रथम नोएडा
ACP-1 प्रवीण कुमार सिंह ने PRV(पुलिस रिस्पांस व्हीकल) और PCR कर्मियों को निरंतर भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और सार्वजनिक सुरक्षा सुदृढ़ रहे और यह अभियान वर्तमान में जारी राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 (1 जनवरी से 31 जनवरी) का हिस्सा है,जिसके तहत जिले भर में जागरूकता और प्रवर्तन के संयुक्त प्रयास किए जा रहे हैं।