त्योहारों की खुशियों में खलल डालने की साजिश बर्दाश्त नहीं : यूपी में हाई अलर्ट, अधिकारियों-कर्मियों की छुट्टियां रद्द, अराजक तत्वों पर जीरो टॉलरेंस

Noida news : दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द करते हुए साफ चेतावनी दी है कि त्योहारों के उल्लास में खलल डालने वाले उपद्रवियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों (दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली) के मद्देनजर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि त्योहारों की खुशियों में खलल डालने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जिसका असर उनके वर्तमान ही नहीं, बल्कि भविष्य पर भी पड़ेगा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए शासन से लेकर जिला, तहसील और थाना स्तर तक के अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए शासन स्तर से लेकर जिलों, तहसीलों और थानों तक के सभी प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी तैनाती पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील इलाकों में 24 घंटे पुलिस गश्त, सोशल मीडिया पर निगरानी

मुख्यमंत्री ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर 24 घंटे पुलिस गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को रोकने के लिए सोशल मीडिया की चौबीसों घंटे निगरानी करने को कहा गया है।

फायर ब्रिगेड हाई अलर्ट पर, खुले स्थानों पर होगी पटाखों की बिक्री

आगजनी और किसी भी अप्रिय दुर्घटना से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पटाखों की बिक्री केवल खुले स्थानों पर ही सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके।

बिना कटौती बिजली और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति

त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरे प्रदेश में रोस्टरमुक्त यानी बिना कटौती के बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शुद्ध पेयजल की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है।

अतिरिक्त बसें चलेंगी, डग्गामार वाहनों पर होगी कार्रवाई

त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों का संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन मिल सके।

राशन वितरण में घटतौली करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राशन वितरण में घटतौली यानी कम तौल करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाए, जो दूसरों के लिए नजीर बने।

आउटसोर्सिंग कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समय से मिलेगा मानदेय

त्योहारों से पहले आउटसोर्सिंग कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निस्तारण करने की हिदायत दी गई है।

खाद की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर FIR

किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी या निर्धारित कीमत से अधिक दाम वसूलने वालों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

धान क्रय केंद्रों पर किसानों को नहीं होना पड़ेगा परेशान

धान खरीद व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने धान क्रय केंद्रों पर पारदर्शी तरीके से तौल और समय से खरीद सुनिश्चित न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी किसान अपनी उपज बेचने के लिए क्रय केंद्र से निराश होकर वापस न लौटे।

Authors

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]

  • Yogesh Rana