अपनी ही छत के नीचे बेबस नहीं रह सकते बुजुर्ग : दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला— इच्छा के विरुद्ध बच्चों को घर में रखने के लिए माता-पिता को मजबूर नहीं किया जा सकता”

बुजुर्ग माता-पिता को अपने ही घर में सम्मान और सुकून से रहने का पूरा अधिकार है। दिल्ली हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में स्पष्ट किया है कि माता-पिता की इच्छा के विरुद्ध बच्चों को उनके घर में रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने 85 वर्षीय बुजुर्ग पिता के मामले में उनके बेटे और बहू को चार सप्ताह के भीतर मकान खाली करने का आदेश दिया है।

News Diary Today | Delhi High Court

दिल्ली हाईकोर्ट | दिल्ली हाईकोर्ट ने एक ऐतिहासिक फैसले में स्पष्ट किया है कि किसी वरिष्ठ नागरिक (सीनियर सिटीजन) को उसकी इच्छा के विरुद्ध अपने ही घर में बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।जस्टिस अमित महाजन की पीठ ने एक 85 वर्षीय बुजुर्ग पिता की याचिका पर सुनवाई करते हुए उनके बड़े बेटे और बहू को 4 सप्ताह के भीतर घर खाली करने का सख्त आदेश दिया है। बता दें कि अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि कोई वरिष्ठ नागरिक अपनी संपत्ति की सुरक्षा चाहता है, तो उसे यह साबित करने की जरूरत नहीं है कि बच्चों ने उसके साथ बुरा बर्ताव या मारपीट की है। केवल यह दिखाना काफी है कि शांति और सम्मान से रहने के लिए संपत्ति की सुरक्षा जरूरी है।कोर्ट ने एक बेहद संवेदनशील टिप्पणी करते हुए कहा कि बुजुर्गों का उत्पीड़न अक्सर घर की चारदीवारी के भीतर होता है। ऐसे में उनसे किसी दीवानी या आपराधिक मुकदमे जैसे सख्त और स्वतंत्र सबूतों की मांग नहीं की जा सकती।हाईकोर्ट ने जिला मजिस्ट्रेट (DM) और डिविजनल कमिश्नर के उन पुराने आदेशों को रद्द कर दिया, जिनमें सबूतों के अभाव का हवाला देकर बुजुर्ग की याचिका खारिज कर दी गई थी। कोर्ट ने इसे ‘कानूनी गलती’ माना।

क्या है पूरा मामला?

मामला दिल्ली के रहने वाले 85 वर्षीय सुभाष चंदर मल्होत्रा से जुड़ा है। उन्होंने 1980 में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) से यह मकान खरीदा था और 2000 में इसे फ्रीहोल्ड करवाया था।याचिकाकर्ता के बड़े बेटे और बहू 2003 में शादी के बाद से इसी घर में रह रहे थे। बुजुर्ग का आरोप था कि नवंबर 2020 में पत्नी के निधन के बाद बेटे-बहू का व्यवहार बेहद खराब हो गया और उन्होंने आर्थिक मदद भी बंद कर दी।सितंबर 2022 में बेटे-बहू द्वारा धमकी देने और छोटे बेटे से मारपीट करने पर बुजुर्ग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007’ के तहत घर खाली कराने की गुहार लगाई, जिसे निचले प्रशासनिक अधिकारियों ने खारिज कर दिया था।20 नवंबर 2026 को सुनाए गए फैसले में जस्टिस महाजन ने कहा कि 85 साल की उम्र में याचिकाकर्ता को अपने घर में सुकून से जीने का पूरा हक है। कोर्ट ने संबंधित थाना प्रभारी (SHO) को भी निर्देश दिया है कि जरूरत पड़ने पर घर खाली कराने में बुजुर्ग की पूरी मदद करें।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]