:- हिंदू सम्मेलन की तैयारियाँ तेज, सेक्टर-61 में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति ने साझा की रूपरेखा
न्यूज़ डायरी टुडे,नोएडा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 8 फरवरी को आयोजित होने वाले भव्य हिंदू सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सोमवार को सेक्टर-61, नोएडा में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में हिंदू सम्मेलन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन मोहंती सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों को सम्मेलन की संपूर्ण रूपरेखा, उद्देश्य और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह हिंदू सम्मेलन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को समर्पित रहेगा।
समिति के अनुसार, सम्मेलन में देशभर से संत-महात्मा, प्रख्यात वक्ता, समाजसेवी और विभिन्न धार्मिक, सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सहभागिता की भी संभावना जताई गई है।
हिंदू सम्मेलन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन मोहंती ने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक संवाद को प्रोत्साहित करना और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन की तैयारियों को लेकर समिति ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है, ताकि सम्मेलन सुचारु और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
अंत में हिंदू सम्मेलन समिति ने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में सहभागिता करें और इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनें।