फेज-1 पुलिस की कार्रवाई: मास्टर चाबी से बाइक चोरी कर मोबाइल लूटने वाला गिरोह हुआ बेनकाब।

✍️ योगेश राणा

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

Noida Crime: नोएडा के थाना फेज-1 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल लूट करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके सरगना समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना राहुल और उसके साथी नावेद हसन को पकड़ा है। बदमाशों की निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा, कारतूस और लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

अपराध का तरीका!

यह गिरोह पहले भीड़भाड़ वाले इलाकों में रेकी करता था और फिर मास्टर चाबी की मदद से दोपहिया वाहन चोरी कर लेता था। उन्हीं चोरी की बाइकों का इस्तेमाल ये सड़कों पर राहगीरों से मोबाइल लूटने के लिए करते थे।

डीसीपी नोएडा ने क्या कुछ बताया

डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है और उनके खिलाफ नोएडा व आसपास के जिलों के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के वाहनों को खरीदने वाले कबाड़ियों की तलाश कर रही है।