होली केवल रंग नहीं, सत्य और भक्ति का उत्सव है : सुनील झा।

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

होली पर्व के अवसर पर कांग्रेस दिल्ली प्रदेश के नेता और समाजसेवी सुनील झा ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि अहंकार पर सत्य, प्रेम और ईश्वर-भक्ति की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज भक्त प्रह्लाद ने यह सिद्ध कर दिया कि ईश्वर सर्वशक्तिमान हैं और संपूर्ण ब्रह्मांड के संचालक हैं—वे यत्र-तत्र-सर्वत्र विद्यमान हैं।

सुनील झा ने अपने संदेश में कहा कि अहंकार के वशीभूत होकर कोई भी राजा स्वयं को ईश्वर समझने की भूल न करे—इसी चेतना को समझने और समाज तक पहुंचाने का नाम होली है। यह पर्व हमें सिखाता है कि सत्य के मार्ग पर चलकर ही मानव कल्याण संभव है। भारत में अनादि काल से यह उत्सव प्रेम, सौहार्द और उल्लास के रंगों के साथ मनाया जाता रहा है, जहां लोग एक-दूसरे को गले लगाकर मेवा-मिष्ठान के साथ खुशियां साझा करते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतवासी “सत्यमेव जयते” के पूजक हैं और हमारी सांस्कृतिक परंपराएं सदैव भाईचारे और मानवीय मूल्यों को मजबूत करती रही हैं। इसी भावना के साथ उन्होंने सभी देशवासियों को होली की हार्दिक बधाई और ढेरों शुभकामनाएं दीं।