:- क्राउन प्लाजा में जिलाधिकारी और पत्रकारों का होली मिलन, बना यादगार पल।
न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
होली के पावन पर्व के अवसर पर गौतम बुध नगर जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को पत्रकारों के लिए विशेष होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम Crowne Plaza Greater Noida में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के लगभग सभी प्रमुख पत्रकारों ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद देखने को मिला।

इस आयोजन का उद्देश्य होली के अवसर पर आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना और जिला प्रशासन व मीडिया के बीच समन्वय को और मजबूत बनाना था। कार्यक्रम का संचालन स्वयं मेधा रूपम, जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर, ने किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मेधा रूपम ने उपस्थित पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पत्रकारों से संवाद करते हुए उनका हालचाल भी जाना।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में मीडिया को लोकतंत्र का एक सशक्त स्तंभ बताते हुए कहा कि समाज में जागरूकता फैलाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकारों द्वारा निभाई जा रही जिम्मेदारियों और उनके साहसिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और संवाद को मजबूत बनाते हैं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला सूचना विभाग का विशेष सहयोग रहा।

संवेदनशील कार्यशैली के लिए चर्चित हैं डीएम मेधा रूपम
आपको बता दें कि मेधा रूपम गौतम बुद्ध नगर की पहली महिला जिलाधिकारी हैं और अपनी संवेदनशील व सक्रिय कार्यशैली के कारण लगातार चर्चा में रहती हैं। हाल ही में रबूपुरा क्षेत्र में हेलीपैड निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक मजदूर महिला के बच्चों की मदद करते हुए उनका स्कूल में दाखिला सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया था, जिसकी खूब सराहना हुई थी।
इसी क्रम में पत्रकारों के लिए आयोजित यह होली मिलन समारोह भी जिला प्रशासन की एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।