दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर बड़ा फैसला,बदली ऑफिस टाइमिंग
नई दिल्ली :- देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के खतरनाक स्तर को देखते हुए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने शुक्रवार को घोषणा की कि सभी सरकारी कार्यालयों के कार्यकाल में बदलाव किया जाएगा। इस फैसले का मकसद सड़कों पर ट्रैफिक को कम करना और प्रदूषण पर नियंत्रण पाना है।
सरकारी ऑफिस की नई टाइमिंग
मुख्यमंत्री आतिशी ने बताया कि अब दिल्ली सरकार के विभिन्न कार्यालय अलग-अलग समय पर खुलेंगे। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। सेंट्रल गवर्नमेंट के ऑफिस की टाइमिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है, और वे सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यरत रहेंगे। दिल्ली सरकार के दफ्तर सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुलेंगे।
पांचवी तक के स्कूल बंद, ग्रैप-3 लागू
प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप)-3 लागू कर दिया गया है। इसके तहत राजधानी में पांचवीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इस कदम से बच्चों को प्रदूषण के दुष्प्रभाव से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
परिवहन के लिए नए इंतजाम
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने घोषणा की कि शहर में 106 नई बस शटल सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही मेट्रो ट्रेनें 60 अतिरिक्त चक्कर लगाएंगी। इन कदमों का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना और निजी वाहनों की संख्या को कम करना है।
दिल्ली में प्रदूषण लगातार खतरनाक स्तर के पार
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। शुक्रवार को कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार रहा, जो “गंभीर” श्रेणी में आता है। दिवाली के बाद हवा की गति धीमी होने से धुंध और प्रदूषण में और बढ़ोतरी हुई है।
