आर-पार के मूड में किसान: सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण का घेराव, 10% आबादी प्लॉट और हाईपावर कमेटी की रिपोर्ट लागू करने की मांग तेज।

नोएडा में किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। किसान 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट, मूल आबादी के विवादों का समाधान और हाईपावर कमेटी की रिपोर्ट लागू करने की मांग पर अड़े हैं।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | नोएडा में अपनी लंबित मांगों को लेकर किसानों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा है। सोमवार को भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने पैदल मार्च करते हुए सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय का घेराव कर लिया और मुख्य गेट के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बता दें कि धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से अपने हकों की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण की ओर से उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। किसानों की मुख्य मांगों में शामिल हैं।अधिग्रहित जमीन के बदले किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड जल्द से जल्द आवंटित किए जाएं।ग्रामीणों की पुश्तैनी और मूल आबादी से जुड़े विवादों का स्थायी समाधान हो तथा तोड़फोड़ की कार्रवाई रोकी जाए।सरकार द्वारा गठित हाईपावर कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक कर उसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।वर्ष 1976 से 1997 के बीच जमीन देने वाले पात्र किसानों को 5% विकसित भूखंड देने और वेंडिंग जोन में स्थानीय किसानों के बच्चों को प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई गई है।

किसान नेताओं का रुख और सुरक्षा व्यवस्था!

किसान नेता सुखबीर खलीफा ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारी किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह धरना जारी रहेगा और किसान पीछे नहीं हटेंगे।वहीं, किसानों के इस बड़े प्रदर्शन और घेराव की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेक्टर-96 प्राधिकरण कार्यालय के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक किसानों का प्रदर्शन जारी है और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों व किसान प्रतिनिधियों के बीच वार्ता के प्रयास किए जा रहे हैं।

Author