न्यू नोएडा परियोजना से जुड़े किसानों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। अब जमीन अधिग्रहण, मुआवजे और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सिकंदराबाद तहसील परिसर में ही प्राधिकरण का क्षेत्रीय कार्यालय खुलने जा रहा है, जहां किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिलेंगी।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (DNGIR) यानी ‘न्यू नोएडा’ परियोजना से जुड़े क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। भूमि अधिग्रहण, मुआवजे और परियोजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अब किसानों को मीलों दूर नोएडा स्थित प्राधिकरण मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। किसानों की सुविधा को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने सिकंदराबाद तहसील परिसर में ही अपना एक क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि महत्वाकांक्षी न्यू नोएडा परियोजना के अंतर्गत सिकंदराबाद तहसील क्षेत्र के कुल 42 गांव शामिल किए गए हैं। इन गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तीन चरणों में पूरा किया जाना है। अब तक जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच, अधिग्रहण की शर्तों को समझने या अपनी आपत्तियां दर्ज कराने के लिए किसानों को नोएडा जाना पड़ता था, जिससे न केवल उनका पूरा दिन बर्बाद होता था बल्कि अनावश्यक आर्थिक बोझ भी पड़ता था। तहसील परिसर में कार्यालय खुलने से किसानों का कीमती समय और यात्रा खर्च दोनों बचेंगे।प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण के इस कदम से क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर है। स्थानीय स्तर पर कार्यालय खुलने से न केवल किसानों और प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, बल्कि न्यू नोएडा परियोजना के विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।
एक ही छत के नीचे होगा हर सवाल का समाधान!
प्राधिकरण के इस क्षेत्रीय कार्यालय के शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर ही संवाद का रास्ता खुल जाएगा। इस कार्यालय के माध्यम से किसानों को निम्नलिखित सुविधाएं मिलेंगी।भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया, मुआवजे की दरों और परियोजना के मास्टर प्लान से जुड़ी हर आधिकारिक जानकारी यहीं उपलब्ध होगी।जमीन के रिकॉर्ड, आबादी निस्तारण या मुआवजे से जुड़े किसानों के सवालों और समस्याओं का जवाब प्राधिकरण के अधिकारी स्थानीय स्तर पर ही देंगे।सीधे प्राधिकरण के अधिकारियों से संपर्क होने के कारण किसानों को सही मार्गदर्शन मिलेगा और वे किसी भी तरह के भ्रम या बिचौलियों के चक्कर में पड़ने से बच सकेंगे।