गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट को नई कमान मिल गई है। वरिष्ठ IPS अधिकारी लक्ष्मी सिंह ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभाल लिया। इसके साथ ही वे गाजियाबाद की पहली महिला पुलिस कमिश्नर बन गई हैं। मुख्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
News Diary Today | Ghaziabad News
गाजियाबाद न्यूज़ | उत्तर प्रदेश में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी सिंह ने शनिवार को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभाल लिया है। गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में करीब चार साल के सफल कार्यकाल के बाद अब गाजियाबाद कमिश्नरेट की कमान उनके हाथों में आ गई है। इसी के साथ वे गाजियाबाद की पहली महिला पुलिस कमिश्नर भी बन गई हैं। बता दें कि शनिवार दोपहर जैसे ही नवागत पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह गाजियाबाद पुलिस मुख्यालय पहुंचीं, वहां मौजूद पुलिस बल ने उन्हें पारंपरिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। पुलिस कमिश्नर ने सलामी गारद का निरीक्षण कर सलामी ग्रहण की। इस दौरान निवर्तमान पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने उनका स्वागत किया, जो अब गौतमबुद्ध नगर के नए पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस मौके पर कमिश्नरेट के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, डीसीपी और एसीपी मौजूद रहे।
कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा रहेंगी प्राथमिकता!
2000 बैच की तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी सिंह प्रदेश की पहली महिला पुलिस कमिश्नर होने का गौरव भी रखती हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों पर लगाम कसना और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी।गाजियाबाद जैसे व्यस्त औद्योगिक और दिल्ली से सटे संवेदनशील जिले में उनकी नियुक्ति को पुलिसिंग में सख्ती और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
