नोएडा पुलिस महकमे में ‘सुपर फ्राइडे’ का बड़ा उलटफेर : कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के साथ दो महिला IPS भी जिले से बाहर, काशी की ‘लेडी सिंघम’ की नोएडा एंट्री पर लगा ब्रेक!

यूपी पुलिस में हुए बड़े फेरबदल से नोएडा कमिश्नरेट का शीर्ष नेतृत्व बदल गया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के साथ डीसीपी सुनीति सिंह और प्रीति यादव का भी तबादला कर दिया गया है। वहीं, वाराणसी की चर्चित IPS नीतू कादयान की नोएडा तैनाती का आदेश ऐन वक्त पर निरस्त हो गया। जानिए, किस अधिकारी को मिली कहां नई जिम्मेदारी।

News Diary Today | Noida News

लखनऊ/नोएडा | उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में शुक्रवार (27 नवंबर) को हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में गौतमबुद्धनगर (नोएडा) कमिश्नरेट की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। एक तरफ जहां लगभग चार साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा करने के बाद पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह का तबादला गाजियाबाद कर दिया गया है, वहीं इस बड़े बदलाव के बीच नोएडा में तैनात दो अन्य तेजतर्रार महिला आईपीएस अधिकारियों की भी जिले से विदाई हो गई है। इसके साथ ही एक बेहद दिलचस्प मोड़ तब आया, जब वाराणसी से नोएडा आ रहीं महिला आईपीएस अधिकारी का तबादला ऐन वक्त पर निरस्त कर दिया गया। बता दें कि नवंबर 2022 में नोएडा की कमान संभालने वाली 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी सिंह ने यहां सबसे लंबे समय तक महिला पुलिस कमिश्नर रहने का रिकॉर्ड बनाया। पहली तबादला सूची में नाम न होने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वे नोएडा में ही बनी रहेंगी, लेकिन शुक्रवार को जारी 28 आईपीएस अधिकारियों की नई सूची में उन्हें गाजियाबाद का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। उनकी जगह अब जे. रविंदर गौड नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर होंगे।

कमिश्नर के साथ दो और महिला IPS का जिले से बाहर ट्रांसफर!

कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के तबादले की चर्चाओं के बीच नोएडा कमिश्नरेट की दो अहम महिला अधिकारियों— डीसीपी सुनीति सिंह और डीसीपी प्रीति यादव का भी जिले से बाहर स्थानांतरण कर दिया गया है।आईपीएस सुनीति सिंह को नोएडा से हटाकर एसपी, डीजीपी मुख्यालय (लखनऊ) भेजा गया है।आईपीएस प्रीति यादव को सेनानायक, 15वीं वाहिनी पीएसी (आगरा) की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।एक ही दिन में कमिश्नर समेत तीन वरिष्ठ महिला अधिकारियों के स्थानांतरण से नोएडा पुलिस के शीर्ष नेतृत्व में महिला अधिकारियों की टीम पूरी तरह बदल गई है।

काशी की ‘लेडी सिंघम’ नीतू कादयान का तबादला निरस्त!

इस फेरबदल का सबसे चौंकाने वाला पहलू वाराणसी में डीसीपी (गोमती जोन) के पद पर तैनात रहीं चर्चित आईपीएस अधिकारी नीतू कादयान से जुड़ा है। महज दो दिन पहले (25 नवंबर को) जारी सूची में उनका तबादला वाराणसी से गौतमबुद्धनगर (नोएडा) किया गया था, और उनके नोएडा में कार्यभार संभालने की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। लेकिन शुक्रवार को जारी ताजा आदेश में शासन ने तीन अधिकारियों के पुराने तबादले निरस्त कर दिए, जिनमें नीतू कादयान का नोएडा तबादला भी रद्द कर दिया गया।

Author