यूपी पुलिस में दौड़ी ‘तबादला एक्सप्रेस’: एक झटके में 144 डिप्टी एसपी इधर से उधर, गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में भी बड़ा फेरबदल!

उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 144 डीएसपी और एसीपी के तबादले किए गए हैं। इस बदलाव का असर गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पर भी पड़ा है, जहां 5 अधिकारियों को बाहर भेजा गया है और 5 नए अधिकारियों की तैनाती हुई है।

News Diary Today | Noida News

लखनऊ / नोएडा: उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से योगी सरकार ने पुलिस महकमे में अब तक का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी ताज़ा आदेश के तहत प्रदेश भर में 144 पुलिस उपाधीक्षकों (DSP/CO) और सहायक पुलिस आयुक्तों (ACP) के तबादले कर दिए गए हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पीपीएस (प्रांतीय पुलिस सेवा) अधिकारियों के स्थानांतरण से पूरे पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। बता दें कि इस व्यापक फेरबदल का सीधा असर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के सबसे महत्वपूर्ण जिले गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) पर भी पड़ा है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट और उससे जुड़ी इकाइयों से कुल 5 अधिकारियों को अन्य जिलों में भेजा गया है, जबकि प्रदेश के विभिन्न जिलों से 5 नए अधिकारियों को गौतमबुद्ध नगर में तैनाती दी गई है।खास बात यह है कि गोरखपुर, अयोध्या, प्रतापगढ़ और गाजियाबाद जैसे महत्वपूर्ण जिलों से अनुभवी अधिकारियों को नोएडा कमिश्नरेट की कमान संभालने के लिए बुलाया गया है। वहीं, नोएडा में तैनात रहे तेजतर्रार एसीपी और साइबर क्राइम के अधिकारियों को अब बुलंदशहर, हापुड़, अलीगढ़ और गाजियाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक गलियारों में इस फेरबदल को आगामी चुनौतियों और क्षेत्रीय पुलिसिंग में कसावट लाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौतमबुद्ध नगर से बाहर जाने वाले अधिकारी!

  • प्रवीण कुमार सिंह-I एसीपी, गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस से उपाधीक्षक, हापुड़।
  • राजीव कुमार गुप्ता एसीपी, गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट से पुलिस उपाधीक्षक, अलीगढ़।
  • दीक्षा सिंह एसीपी, गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट से एसीपी गाजियाबाद कमिश्नरेट।
  • अनिल कुमार 49वीं वाहिनी पीएसी, गौतमबुद्ध नगर पुलिस से अकादमी, मुरादाबाद।
  • विवेक रंजन राय साइबर क्राइम थाना, गौतमबुद्ध नगर से पुलिस उपाधीक्षक, बुलंदशहर।

गौतमबुद्ध नगर आने वाले नए अधिकारी!

  • सुनील कुमार सिंह अयोध्या पुलिस उपाधीक्षक से गौतमबुद्ध नगर।
  • सिद्धार्थ गौतम गाजियाबाद कमिश्नरेट एसीपी से गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट।
  • शिव नारायण वैश्य प्रतापगढ़ से एसीपी गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट।
  • दीपाली राठौर गोरखपुर से एसीपी गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट।
  • अनुराग कुमार सिंह गोरखपुर से एसीपी गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट।

Author