गौतमबुद्धनगर : डीएम मेधा रूपम ने परखी ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा।

न्यूज़ डायरी,गौतमबुद्धनगर।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) एवं वीवीपैट की सुरक्षा, साफ-सफाई तथा रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं का आकलन करना रहा।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस के प्रवेश द्वार पर लगे ताले एवं सील की गहन जांच की, जो पूरी तरह सुरक्षित और सही पाई गई। इसके साथ ही वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था, रिकॉर्डिंग सिस्टम तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


इस अवसर पर मान्यता प्राप्त सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे। भाजपा की ओर से जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, कांग्रेस से अधिवक्ता कपिल भाटी, समाजवादी पार्टी से अनूप तिवारी तथा बहुजन समाज पार्टी से जिला सचिव डॉ. रविंद्र तोमर मौजूद रहे। सभी प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निरीक्षण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई।


निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा, स्वच्छता और रखरखाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रखी जाएं तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]