Noida News : कैलाश अस्पताल के डॉक्टरों ने की जटिल सर्जरी, मरीज की जान बचाई।

✍🏻योगेश राणा


नोएडा, 7 सितंबर 2024 :- सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल के डॉक्टरों ने एक जटिल और महत्वपूर्ण सर्जरी के माध्यम से एक मरीज की जान बचाई। इस सर्जरी का नेतृत्व मुख्य कार्डियोथोरेसिक-वास्कुलर सर्जन डॉ. सतीश मैथ्यू ने किया। आज कैलाश अस्पताल के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में, डॉ. मैथ्यू ने इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

मरीज, बिशन सिंह बिष्ट, जो कि नोएडा के निवासी हैं, गंभीर स्थिति में कैलाश अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनकी आवाज़ चली गई थी और उनकी स्थिति काफी चिंताजनक थी। डॉक्टरों द्वारा की गई जांच में पता चला कि उनकी मुख्य महाधमनी में एक सन्तरे के आकार का फोड़ा था, जो फटने पर जानलेवा हो सकता था। साथ ही, कोरोनरी एन्जियोग्राफी में यह भी पता चला कि बिष्ट के हृदय को रक्त पहुंचाने वाली दो महत्वपूर्ण धमनियां भी बंद थीं, जिससे उन्हें हृदय आघात का खतरा था।

डॉ. सतीश मैथ्यू के नेतृत्व में, हृदय शल्य चिकित्सा की टीम ने मरीज की जान बचाने के लिए तीन चरणों में सर्जरी का प्लान तैयार किया। इस जटिल ऑपरेशन में कुल 15 घंटे का समय लगा, और इसे अत्यधिक सावधानी और कुशलता के साथ संपन्न किया गया। ऑपरेशन के बाद, बिशन सिंह बिष्ट को 7 दिनों तक डॉक्टरों और अस्पताल के स्टाफ की कड़ी निगरानी में रखा गया।सभी आवश्यक जांच और निगरानी के बाद, डॉक्टरों की टीम ने बिष्ट को सकुशल डिस्चार्ज कर दिया। बिष्ट के परिजनों ने डॉ. सतीश मैथ्यू और उनकी पूरी टीम के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस टीम की समर्पण और उत्कृष्टता के कारण बिशन सिंह बिष्ट को नया जीवन मिला है।

डॉ. सतीश मैथ्यू ने बताया कि इस तरह की जटिल सर्जरी के लिए टीमवर्क और अत्यधिक ध्यान आवश्यक होता है। उन्होंने अपनी टीम की सराहना की और कहा कि इस सफल सर्जरी के पीछे सभी सदस्यों का समर्पण और कुशलता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कैलाश अस्पताल के इस सफल ऑपरेशन ने साबित कर दिया है कि चिकित्सा के क्षेत्र में सही समय पर सही निर्णय और कुशलता से की गई सर्जरी किसी की भी जान बचा सकती है।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.