बरेली में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नर्सिंग छात्रा ने अपने सगे भाई पर दो साल तक यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। कथित धमकियों और परिवार से समर्थन न मिलने के बाद पीड़िता ने सबूत जुटाए, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
News Diary Today | Uttar Pradesh News
बरेली (उत्तर प्रदेश) | पवित्र रिश्तों को कलंकित करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से सामने आई है। जिस भाई की कलाई पर बहन अपनी रक्षा का धागा बांधती है, वही भाई अपनी सगी बहन के लिए हैवान बन बैठा। दो साल तक इमोशनल ब्लैकमेलिंग और आत्महत्या की धमकी देकर वह अपनी ही बहन की अस्मत लूटता रहा। अपनों से भी जब इंसाफ की उम्मीद टूट गई, तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर कमरे में छिपा हुआ पेन कैमरा लगाया और भाई की काली करतूत को दुनिया के सामने लाकर उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। बता दें कि मूल रूप से बदायूं जिले की रहने वाली एक युवती बेहतर भविष्य और नर्सिंग की पढ़ाई के सपने संजोकर बरेली आई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने बरेली के ही एक निजी अस्पताल में नौकरी शुरू कर दी और सुरक्षा के लिहाज से अपने सगे भाई विवेक के साथ किराए के कमरे में रहने लगी। लेकिन उसे नहीं पता था कि जिस छत के नीचे वह खुद को सबसे सुरक्षित समझ रही है, वहीं उसकी जिंदगी नर्क बनने वाली है।
आत्महत्या की धमकी देकर 2 साल तक घोंटा विश्वास का गला!
एक दिन मौका पाकर आरोपी भाई विवेक ने अपनी ही बहन के साथ जबरन दुष्कर्म किया। जब बहन ने इसका विरोध किया और घरवालों को बताने की बात कही, तो आरोपी ने उसे डराने के लिए खौफनाक चाल चली। उसने धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो वह फांसी लगाकर जान दे देगा, जिससे सदमे में आकर माता-पिता की भी मौत हो जाएगी और समाज में बदनामी के कारण उससे कोई शादी भी नहीं करेगा। माता-पिता की जान और परिवार की इज्जत बचाने की खातिर वह बेबस बहन दो साल तक घुट-घुटकर यह दरिंदगी सहती रही।
अपनों ने ही मोड़ा मुंह, तो पेन कैमरा बना हथियार!
आखिरकार जब जुल्म की इंतहा हो गई, तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपने माता-पिता को भाई की करतूत बताई। लेकिन विडंबना देखिए कि माता-पिता को अपनी बेटी के आंसुओं पर यकीन नहीं हुआ। उल्टा, रिपोर्ट्स के अनुसार, भाई के खिलाफ सख्त कदम उठाने के बजाय परिवार ने युवती की पढ़ाई और नौकरी छुड़वाकर उसे घर में ही बैठा दिया।जब अपनों ने ही आंखें फेर लीं, तो पीड़िता ने खुद सबूत जुटाने का फैसला किया। उसने कमरे में एक हिडेन पेन कैमरा छिपा दिया, जिसमें भाई की हैवानियत के सारे सबूत कैद हो गए।
NGO की मदद और पुलिस की त्वरित कार्रवाई?
वीडियो सबूत हाथ लगने के बाद पीड़िता ने ऑनलाइन नंबर निकालकर एक एनजीओ (NGO) से संपर्क किया और पूरी आपबीती सुनाई। एनजीओ की शिकायत पर बरेली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बारादरी थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज की। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल रेस्क्यू कर आरोपी भाई विवेक को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद पीड़िता का दर्द इन शब्दों में छलका— “भगवान ऐसा भाई किसी बहन को न दे।”