2027 विधानसभा चुनाव से पहले गौतम बुद्ध नगर में भाजपा के भीतर टिकट की दावेदारी, पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी और गुटबाजी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। तीनों सीटों पर जीत की हैट्रिक का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा के सामने अपनों को साधने और विपक्षी चुनौती से निपटने की दोहरी परीक्षा है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | न्यूज़ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट तेज होते ही राज्य की आर्थिक राजधानी माने जाने वाले गौतम बुद्ध नगर (नोएडा, दादरी और जेवर) में सियासी पारा चढ़ने लगा है। एक तरफ विकास की बड़ी परियोजनाओं के दम पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिले में जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी कर रही है, तो दूसरी तरफ संगठन के भीतर पनप रही गुटबाजी और ‘भीतरघात’ की आशंका ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बेचैनी बढ़ा दी है। बता दें कि 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में गौतम बुद्ध नगर की तीनों सीटों (नोएडा, दादरी और जेवर) पर क्लीन स्वीप करने वाली भाजपा के भीतर इस बार टिकट को लेकर दावेदारों की संख्या काफी बढ़ गई है। स्थानीय राजनीतिक गलियारों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौजूदा विधायकों और संगठन के अन्य प्रमुख चेहरों के समर्थकों के बीच वर्चस्व की होड़ खुलकर सामने आने लगी है।
कार्यक्रमों से दूरी और सोशल मीडिया पर छलका दर्द!
जिले में अंदरूनी गुटबाजी उस समय चर्चा का विषय बन गई जब कई स्थानीय कार्यक्रमों के निमंत्रण पत्रों से कुछ वरिष्ठ नेताओं के नाम गायब दिखे और उन्हें आयोजनों से अलग रखा गया। इतना ही नहीं, संगठन में पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मुद्दा भी गर्माया हुआ है। दादरी और युवा मोर्चा से जुड़े कई पुराने कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी के भीतर उचित तवज्जो न मिलने का दर्द खुलकर जाहिर किया है, जिससे यह साफ हो गया है कि सब कुछ सामान्य नहीं है।
विपक्ष की घेराबंदी और बदलते समीकरण?
भाजपा की इस अंदरूनी खींचतान पर विपक्षी दलों की पैनी नजर है।अपने ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले और गुर्जर-मुस्लिम समीकरणों के जरिए दादरी और जेवर जैसी सीटों पर सेंध लगाने की रणनीति बना रही है।बसपा अपने कोर वोट बैंक को साधने में जुटी है, जबकि कांग्रेस भी स्थानीय चेहरों को आगे कर नोएडा में अपनी जमीन मजबूत करने का प्रयास कर रही है।हालिया मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) में जिले की तीनों सीटों से करीब 3.60 लाख मतदाताओं के नाम कटने के बाद (जिसमें सबसे ज्यादा नाम नोएडा से कटे हैं), चुनावी समीकरणों में नए बदलाव की चर्चा भी तेज है।
बड़ा सवाल: डैमेज कंट्रोल के लिए क्या करेगी भाजपा?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गौतम बुद्ध नगर में भाजपा के पास जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और सेमीकंडक्टर यूनिट जैसे बड़े विकास के मुद्दे हैं, जिनका फायदा पार्टी को चुनाव में मिल सकता है। हालांकि, यदि चुनाव से पहले टिकट बंटवारे के बाद असंतुष्ट नेताओं को शांत नहीं किया गया, तो भीतरघात का खतरा बढ़ सकता है।इस समस्या से निपटने के लिए प्रदेश नेतृत्व और क्षेत्रीय संगठन ने बूथ स्तर पर अभियानों को तेज करने, रूठे हुए पुराने कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने और सभी गुटों को एक मंच पर लाने की कवायद शुरू कर दी है। आने वाले महीनों में पार्टी हाईकमान किस तरह टिकट वितरण में संतुलन बनाता है और असंतुष्टों को साधता है, यही तय करेगा कि गौतम बुद्ध नगर में कमल फिर से खिलेगा या अंदरूनी कलह पार्टी का खेल बिगाड़ेगी।