नोएडा में पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखने के लिए पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड देर रात थाना फेस-2 पहुंचे। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड, महिला हेल्प डेस्क और डायल-112 की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | अपनी सादगी, सख्त कार्यशैली और जमीनी हकीकत को सीधे परखने के अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले गौतमबुद्धनगर के पुलिस आयुक्त श्री जे. रविन्दर गौड ने शुक्रवार (28 नवंबर 2026) देर रात थाना फेस-2 का औचक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल थाने की व्यवस्थाओं और रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच की, बल्कि ‘जनता केंद्रित’ (Citizen Centric) पुलिसिंग को धरातल पर उतारने के लिए पुलिसकर्मियों को सख्त और स्पष्ट संदेश भी दिया। बता दें कि निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस (CCTNS) कार्यालय, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क और डाक कार्यालय का जायजा लिया। उन्होंने रिकॉर्ड्स के सुव्यवस्थित रख-रखाव, डाटा फीडिंग और मुकदमों से जुड़े अभिलेखों को समय पर अपडेट रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, पुलिसकर्मियों के बैठने की उचित व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता व उनकी रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया।
फरियादियों के प्रति शालीन और संवेदनशील व्यवहार के निर्देश!
थाना प्रभारी को निर्देशित करते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि थाने आने वाले प्रत्येक आगंतुक और शिकायतकर्ता के साथ मृदु, शालीन और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरियादियों के बैठने के लिए उचित प्रतीक्षा व्यवस्था होनी चाहिए और उनकी शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने की नसीहत दी गई।
सड़कों पर उतरकर परखा डायल-112 का रिस्पॉन्स टाइम!
थाने के निरीक्षण के बाद पुलिस आयुक्त ने थाना क्षेत्र में भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की जमीनी स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने आपातकालीन सेवा ‘डायल-112’ के पीआरवी (PRV) वाहनों की कार्यप्रणाली और मौके पर पहुंचने की तत्परता (रिस्पॉन्स टाइम) को परखा। उन्होंने पीआरवी कर्मियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपातकालीन सूचना पर बिना देरी किए मौके पर पहुंचें और आमजन को तत्काल व प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराएं।