चार मूर्ति अंडरपास ट्रायल शुरू : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ‘महाजाम’ से मिली मुक्ति, अब सरपट दौड़ेंगे वाहन!

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों के लिए बड़ी राहत! चार मूर्ति चौक (गौर चौक) पर अंडरपास का ट्रायल रन शुरू हो गया है। अब जाम से राहत मिलने और सफर आसान होने की उम्मीद है।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | ग्रेटर नोएडा वेस्ट (ग्रेनो वेस्ट) के सबसे व्यस्त और सिरदर्द बन चुके चार मूर्ति चौक (गौर चौक) से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए गुरुवार की सुबह बेहद राहत भरी खबर लेकर आई। गुरुवार सुबह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के आला अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने पूजा-अर्चना करने के बाद चार मूर्ति अंडरपास को ट्रायल रन के लिए जनता के लिए खोल दिया। अंडरपास खुलते ही वाहन चालकों के चेहरे खिल उठे और देखते ही देखते वाहन रफ्तार भरते नजर आए।

रोजाना सुबह और शाम के पीक आवर्स में चार मूर्ति चौक पर लगने वाले भीषण जाम से लाखों नौकरीपेशा लोग और स्थानीय निवासी परेशान होते थे। इस समस्या को खत्म करने के लिए प्राधिकरण पिछले काफी समय से इस अंडरपास के निर्माण में जुटा था। गुरुवार सुबह जैसे ही बैरिकेड्स हटाए गए, वाहन बिना किसी रुकावट के अंडरपास के रास्ते निकलने लगे।

ट्रायल रन की मुख्य बातें!

इस अंडरपास के शुरू होने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और सूरजपुर की तरफ आने-जाने वाले ट्रैफिक को सिग्नल-फ्री रास्ता मिल गया है। ट्रायल रन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और वाहन चालकों का फीडबैक लेने के लिए ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर तैनात है।

चौक पर जहां पहले 15 से 20 मिनट का समय जाम में बर्बाद होता था, वहीं अब वाहन अंडरपास के रास्ते चंद सेकेंड में इस पार से उस पार निकल रहे हैं।

प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल रन के दौरान यातायात के दबाव और सुरक्षा मानकों को परखा जा रहा है, ताकि आने वाले दिनों में इसका औपचारिक रूप से भव्य उद्घाटन किया जा सके।

Author