फर्स्ट रिहैब फाउंडेशन का निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों को मिला लाभ।

फोन का अधिक इस्तेमाल बन रहा सेहत के लिए खतरा: विशेषज्ञ

न्यूज़ डायरी,नोएडा।


फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन द्वारा रविवार को नोएडा के होशियारपुर, सेक्टर-51 में एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 100 से अधिक स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। इस दौरान मरीजों को निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।


शिविर में बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंचे, जो लंबे समय तक लेटकर या झुककर मोबाइल फोन देखने के कारण गर्दन, कंधों और पीठ की नसों में अकड़न व दर्द की समस्या से परेशान थे। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. महिपाल सिंह ने बताया कि ठंड के मौसम में यह समस्या और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि खराब पोस्चर, जिसे आम भाषा में “टेक नेक” कहा जाता है, मांसपेशियों और रीढ़ की हड्डी पर अतिरिक्त दबाव डालता है। फोन देखते समय गर्दन को आगे झुकाने से रीढ़ पर दबाव बढ़ता है, जिससे नसें दब सकती हैं और दर्द की समस्या उत्पन्न होती है।


डॉ. महिपाल सिंह ने बताया कि एक ही पोस्चर में लंबे समय तक रहने से मांसपेशियां थक जाती हैं और अकड़न शुरू हो जाती है। ठंड में खून का संचार कम होने से यह परेशानी और बढ़ जाती है। इससे बचाव के लिए गर्म सिकाई, नियमित स्ट्रेचिंग, सही पोस्चर अपनाना, फोन का कम इस्तेमाल करना और बीच-बीच में ब्रेक लेना बेहद जरूरी है।


इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन द्वारा मिंटू यादव के विशेष प्रयासों से उनके गांव के लोगों के लिए किया गया। शिविर में डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, डॉ. भावना आनंद और डॉ. सुश्मिता भाटी ने अपनी निःशुल्क सेवाएं प्रदान कीं। डॉक्टरों ने न केवल मरीजों की जांच की, बल्कि दवाओं का वितरण भी किया और लोगों को स्वास्थ्य, फिजियोथेरेपी एवं ऑक्यूपेशनल थेरेपी के प्रति जागरूक किया।


शिविर के दौरान घुटनों के दर्द, पीठ दर्द, महिलाओं के पेल्विक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं तथा धूम्रपान के दुष्प्रभावों पर विशेष जानकारी दी गई। डॉक्टरों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।

इस मौके पर इलिका रावत, कृष्णा यादव, मिस्टर आयुष सिंह, अभिनव प्रताप सिंह, रजत शर्मा और नितिक ओझा सहित फाउंडेशन की पूरी टीम मौजूद रही।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]