लखनऊ की दो जेलों में महज सात दिनों के भीतर दो कैदियों की आत्महत्या के मामलों ने जेलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिरासत में हुई मौतों की सूचना 24 घंटे के भीतर नहीं देने पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सख्ती दिखाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
News Diary Today | Delhi/ Uttar Pradesh News
दिल्ली/उत्तर प्रदेश | राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने लखनऊ की दो अलग-अलग जेलों में 7 दिनों के भीतर दो कैदियों की आत्महत्या के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के कारागार महानिदेशक (DG Prisons) और लखनऊ के जिलाधिकारी (DM) को नोटिस जारी किया है। बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की जेलों में कैदियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महज एक सप्ताह के भीतर लखनऊ की दो अलग-अलग जेलों में दो कैदियों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने 26 नवंबर 2026 की मीडिया रिपोर्टों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के कारागार महानिदेशक और लखनऊ के जिलाधिकारी को नोटिस जारी किया है।
घटना का पूरा घटनाक्रम?
पहली घटना (19 नवंबर 2026): लखनऊ की जिला जेल (District Jail) में बंद एक विचाराधीन (Undertrial) कैदी का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला।दूसरी घटना (25 नवंबर 2026): इसके ठीक छह दिन बाद, लखनऊ की आदर्श कारागार (Model Jail) में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी (राजू) ने सुबह बैरक के पीछे बने बाथरूम में चादर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पत्नी की हत्या के मामले में सजा काट रहा था और उसे 29 अक्टूबर को ही यहां शिफ्ट किया गया था।
प्रशासनिक कार्रवाई और NHRC की सख्ती!
मॉडल जेल में हुई आत्महत्या के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जेल प्रशासन ने डिप्टी जेलर (बैरक प्रभारी) राजेश कुमार और अनलॉकिंग प्रभारी मदन गोपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि जेल वार्डर अतीक अहमद के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है।
दूसरी ओर NHRC ने इसे मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला माना है और अधिकारियों से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इसके साथ ही आयोग ने इस बात पर भी गहरी नाराजगी जताई है कि तय दिशानिर्देशों के बावजूद हिरासत में हुई इन दोनों मौतों की सूचना 24 घंटे के भीतर आयोग को क्यों नहीं दी गई। इस चूक के लिए आयोग ने संबंधित अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर अलग से स्पष्टीकरण मांगा है।