उत्तर प्रदेश के टॉप-50 माफियाओं की सूची को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है। अदालत ने पूछा है कि आखिर किसी व्यक्ति को माफिया घोषित करने के लिए क्या कानूनी मानदंड और प्रक्रिया अपनाई जाती है। सरकार को दो सप्ताह में हलफनामा दाखिल करना होगा।
News Diary today | Noida News
प्रयागराज / लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चिन्हित किए गए टॉप-50 माफियाओं की सूची और उन्हें ‘माफिया’ घोषित करने के सरकारी मानदंडों को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने राज्य सरकार से प्रदेश के टॉप-50 माफियाओं का ब्योरा और किसी व्यक्ति को माफिया घोषित करने की आधिकारिक प्रक्रिया की पूरी जानकारी तलब की है। बता दें कि यह पूरा मामला बहराइच निवासी देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गब्बर सिंह (जिसे कुछ रिपोर्ट्स में गुब्बार सिंह भी लिखा गया है) द्वारा दाखिल की गई एक याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ता ने राज्य सरकार द्वारा जारी उस आदेश और प्रक्रिया को चुनौती दी है, जिसके तहत उसका नाम प्रदेश के टॉप-50 माफियाओं की सूची में शामिल किया गया है। याचिका में कहा गया है कि बिना किसी ठोस कानूनी आधार या पारदर्शी प्रक्रिया के उसे माफिया घोषित कर दिया गया है।
कोर्ट की सख्ती और अहम सवाल!
जस्टिस अब्दुल मोईन और जस्टिस प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। कोर्ट ने सरकार से मुख्य रूप से ये सवाल पूछे हैं। किसी व्यक्ति को ‘माफिया’ घोषित करने के लिए क्या नियम और कानूनी प्रक्रिया निर्धारित की गई है?।प्रदेश के टॉप-50 माफियाओं की सूची किस आधार पर तैयार और अपडेट की जाती है?।क्या याचिकाकर्ता के मामले में इन निर्धारित नियमों का पालन किया गया था?।
सरकार ने मांगा दो सप्ताह का समय?
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से पेश हुए सरकारी वकील ने इन सभी बिंदुओं पर विस्तृत जवाब और हलफनामा (Affidavit) दाखिल करने के लिए अदालत से मोहलत मांगी। कोर्ट ने सरकार के अनुरोध को स्वीकार करते हुए जवाब दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है। अब दो हफ्ते बाद इस मामले पर अगली सुनवाई होगी, जिस पर प्रदेश के प्रशासनिक और कानूनी गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं।
