ग्रेटर नोएडा में खाली पड़े प्लॉट पर बिना पानी इस्तेमाल किए हजारों रुपये का बिल भेजना अथॉरिटी को भारी पड़ गया। दिल्ली के उपभोक्ता आयोग ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को सेवा में कमी का दोषी मानते हुए प्लॉट मालिक को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। आयोग ने स्पष्ट कहा कि पानी का बिल वास्तविक खपत के आधार पर ही वसूला जाना चाहिए।
News Diary Today | Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा न्यूज़ | दिल्ली के एक उपभोक्ता आयोग (Consumer Commission) ने बिना इस्तेमाल किए गए पानी का बिल वसूलने पर ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) को दोषी मानते हुए प्लॉट मालिक को 50,000 रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। बता दें कि शिकायतकर्ता को नवंबर 2010 में ग्रेटर नोएडा में एक आवासीय प्लॉट का कब्जा मिला था। उस समय इलाके में आबादी बेहद कम थी, इसलिए उन्होंने वहां रहना शुरू नहीं किया और न ही पानी का कोई उपयोग किया।पानी की एक बूंद इस्तेमाल किए बिना ही प्राधिकरण ने जुलाई 2015 में पहला बिल भेजा, जिसमें फरवरी 2011 से जुलाई 2015 तक के लिए 14,128 रुपये की मांग की गई। इसके बाद भी फिक्स्ड मासिक चार्ज (Fixed Monthly Charges) के नाम पर बिल बढ़ते रहे—पहले 19,189 रुपये, फिर 34,193 रुपये और मार्च 2021 तक बकाया राशि बढ़कर 43,167 रुपये तक पहुंच गई।सुनवाई के दौरान ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने खुद का बचाव करते हुए कहा कि यह शुल्क उनके नियमों के तहत तय (फिक्स्ड) दरों पर लगाया गया है और आवंटी पर 43,167 रुपये बकाया हैं।
उपभोक्ता आयोग की सख्त टिप्पणी और फैसला!
दिल्ली उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष मोनिका ए. श्रीवास्तव और सदस्य किरण कौशल की पीठ ने 18 नवंबर 2026 को अपना फैसला सुनाया।आयोग ने कहा कि अथॉरिटी के पास वास्तविक खपत मापने का कोई सिस्टम नहीं है। रोज पानी इस्तेमाल करने वालों और बिल्कुल इस्तेमाल न करने वालों से एक समान शुल्क वसूलना गलत और अन्यायपूर्ण है।सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का हवाला देते हुए आयोग ने स्पष्ट किया कि पानी का शुल्क वास्तविक खपत के आधार पर होना चाहिए, इसे किसी ‘टैक्स’ की तरह फिक्स्ड चार्ज के रूप में नहीं थोपा जा सकता।आयोग ने मानसिक प्रताड़ना के लिए प्राधिकरण को 50,000 रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। साथ ही, भविष्य में वास्तविक खपत के आधार पर ही बिल जारी करने और इसके लिए उचित व्यवस्था विकसित करने का निर्देश भी दिया है।