Greater Noida : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक फ्लैट में भीषण आग, एन वक्त पर नहीं चले फायर सेफ्टी उपकरण, निवासियों का फूटा गुस्सा।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में फ्लैट की बालकनी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि आपातकाल के समय सोसाइटी के फायर सेफ्टी उपकरणों ने काम नहीं किया, जिससे निवासियों में बिल्डर और मेंटेनेंस टीम के खिलाफ भारी नाराजगी है। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

News Diary Today | Greater Noida News

ग्रेटर नोएडा न्यूज़ | ग्रेटर नोएडा वेस्ट (बिसरख कोतवाली क्षेत्र) की एक हाईराइज सोसाइटी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक फ्लैट की बालकनी से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। दिवाली के त्योहार के माहौल के बीच हुई इस घटना से पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन हमेशा की तरह हाईराइज सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बता दें कि घटना बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सोसाइटी की है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट की बालकनी में अचानक आग भड़क उठी। शुरुआती जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालकनी में कुछ कूड़ा या सामान रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि बाहर से उड़कर आया कोई जलता हुआ पटाखा बालकनी में रखे सामान पर गिर गया, जिससे चंद मिनटों में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया, जिसे सबसे पहले वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने देखा और शोर मचाया।

एन वक्त पर दगा दे गए फायर उपकरण, लोगों में भारी रोष!

आग की लपटें देखकर सोसाइटी के निवासी अपने-अपने घरों से बाहर भागने लगे। आरोप है कि जब लोगों ने सोसाइटी में लगे फायर सेफ्टी उपकरणों (Fire Safety Equipment) का इस्तेमाल करना चाहा, तो वे काम ही नहीं कर रहे थे। इमरजेंसी के समय सिस्टम के फेल होने के कारण लोगों का गुस्सा बिल्डर और मेंटेनेंस टीम पर फूट पड़ा। लोगों का कहना है कि मोटी मेंटेनेंस रकम वसूलने के बावजूद सुरक्षा के इन पुख्ता इंतजामों की नियमित जांच नहीं की जाती, जिससे किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

दमकल विभाग ने पाया काबू?

हादसे की सूचना तुरंत बिसरख कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमलकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। गनीमत रही कि आग फ्लैट के अंदरूनी कमरों तक ज्यादा नहीं फैल सकी और वक्त रहते इस पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे कोई जान-माल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ। बिसरख पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि आग लगने का सटीक कारण क्या था और फायर सिस्टम के काम न करने के दावों में कितनी सच्चाई है।

Author