ग्रेटर नोएडा वेस्ट: पंचशील ग्रीन्स के सामने चलती कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचीं मासूम जिंदगियां!

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पंचशील ग्रीन्स-1 सोसायटी के सामने चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। कार से धुआं उठते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | दिल्ली-एनसीआर में चलती गाड़ियों में आग लगने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) से सामने आया है, जहां पंचशील ग्रीन्स-1 सोसायटी के सामने मुख्य सड़क पर एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और उसमें से धुएं का गुबार उठने लगा। बता दें कि गनीमत यह रही कि जैसे ही कार से धुआं निकलना शुरू हुआ, चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई। कार में सवार सभी लोग आग के विकराल रूप धारण करने से पहले ही आनन-फानन में नीचे उतर गए। इस सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और कार में मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

सड़क पर मचा हड़कंप, दमकल विभाग ने पाया काबू!

बीच सड़क पर कार को धू-धू कर जलता देख आस-पास के राहगीरों और सोसायटी के सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। शुरुआती आशंका के मुताबिक, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Author