नोएडा में मोबाइल स्नैचरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। सेक्टर-33 आरटीओ कट के पास मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ, जबकि उसके दो साथी गिरफ्तार हो गए। पुलिस ने तीनों के कब्जे से 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद, हथियार और चोरी की बाइक बरामद की है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | नोएडा-एनसीआर में राहगीरों का जीना मुहाल करने वाले मोबाइल लुटेरों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस का सख्त अभियान जारी है। इसी कड़ी में शनिवार रात थाना सेक्टर-24 पुलिस और शातिर मोबाइल स्नैचरों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। सेक्टर-33 स्थित आरटीओ (RTO) कट के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई से नीरज नाम का एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर भाग रहे उसके दो साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर दबोच लिया। बता दें कि पुलिस के मुताबिक, थाना सेक्टर-24 की टीम शनिवार रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे घबरा गए और बाइक मोड़कर सेक्टर-33 की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस की ओर से की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश नीरज के पैर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं, मौके से फरार हुए उसके दो अन्य साथियों को पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर कॉम्बिंग ऑपरेशन के जरिए गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश नीरज को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में लूट का माल और हथियार बरामद किए हैं जिसमें लूट और चोरी के कुल 31 मोबाइल फोन और 42,000 रुपये नकद एवं अवैध तमंचा, कारतूस और अवैध चाकू तथा वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामदकी है।
एनसीआर में फैला था आतंक!
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद शातिर है और लंबे समय से नोएडा व आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने (स्नैचिंग) और चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये लूटे गए मोबाइल फोन किसे बेचते थे।
एडीसीपी नोएडा ने क्या कुछ बताया!
थाना सेक्टर-24 पुलिस की टीम सेक्टर-33 के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसकी पहचान नीरज के रूप में हुई है। मौके से फरार हुए उसके दो अन्य साथियों को कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके कब्जे से लूट व चोरी के 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। ये शातिर किस्म के लुटेरे हैं जो पूरे एनसीआर में मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे।”