नोएडा के पहले पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह बन सकते हैं UPPSC के नए चेयरमैन, सरकार में बनी सैद्धांतिक सहमति।

नोएडा के पहले पुलिस कमिश्नर रहे वरिष्ठ IPS अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) का नया अध्यक्ष बनाए जाने की तैयारी है। शासन स्तर पर उनके नाम पर सैद्धांतिक सहमति बनने की चर्चा है। अंतिम मंजूरी मिलते ही यूपी को नया आयोग अध्यक्ष मिल सकता है।

News Diary Today | Lucknow News

लखनऊ न्यूज़ | उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को जल्द ही नया स्थायी अध्यक्ष मिलने जा रहा है। निवर्तमान अध्यक्ष संजय श्रीनेत के शनिवार (21 नवंबर 2026) को सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हुए इस शीर्ष पद के लिए 1995 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी आलोक सिंह के नाम पर शासन स्तर पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। बता दें कि अगर आलोक सिंह की नियुक्ति पर अंतिम मुहर लगती है, तो यह उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक इतिहास में एक बेहद रोचक संयोग होगा। इसके साथ ही राज्य के सभी चार प्रमुख भर्ती बोर्डों की कमान IPS अधिकारियों के हाथों में आ जाएगी। आगामी विधानसभा चुनावों (2027) को देखते हुए सरकार आयोग के पास लंबित भर्तियों को बिना किसी पेपर लीक या विवाद के, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा कराना चाहती है, जिसके लिए सख्त प्रशासनिक छवि वाले अधिकारी को चुना जा रहा है।

कौन हैं IPS आलोक सिंह?

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले (अतरौली) के निवासी आलोक सिंह वर्तमान में PAC के महानिदेशक (DG) और उत्तर प्रदेश स्पेशल पुलिस के डीजी का अहम प्रभार संभाल रहे हैं।वर्ष 2020 में जब गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में पहली बार पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू की गई थी, तब सरकार ने भरोसा जताते हुए उन्हें वहां का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया था।पुलिस सेवा में उनका नियमित कार्यकाल जनवरी 2027 में पूरा होने वाला है, लेकिन उससे पहले ही उन्हें यह बड़ी संवैधानिक जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है।

संजय श्रीनेत की विदाई और डॉ. एके वर्मा को कार्यवाहक कमान!

18 मई 2021 को UPPSC के 31वें अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने वाले पूर्व IRS अधिकारी संजय श्रीनेत 62 वर्ष की आयु पूरी कर 21 नवंबर 2026 को रिटायर हो गए। उनके कार्यकाल में परीक्षाओं की निगरानी के लिए मेगा कमांड सेंटर, एआई (AI) अलर्ट, बायोमेट्रिक-आइरिस सत्यापन और जैमर जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल शुरू हुआ।फिलहाल, नए अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा और कार्यभार ग्रहण करने तक आयोग के वरिष्ठतम सदस्य डॉ. एके वर्मा को कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Author