नोएडा के सूरजपुर कलेक्ट्रेट में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डीएम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता और फायर ब्रिगेड ने पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया।
News Diary Today | Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिला मुख्यालय (सूरजपुर कलेक्ट्रेट) स्थित जिलाधिकारी कार्यालय को सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ई-मेल की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया और तत्काल प्रभाव से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। बता दें कि धमकी भरे ई-मेल की सूचना पाकर थाना सूरजपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई और भारी बल के साथ डीएम कार्यालय परिसर को चारों तरफ से अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया। एहतियात के तौर पर मौके पर बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड (Bomb Disposal Squad),डॉग स्क्वाड (Dog Squad),एंटी-सबोटाज चेकिंग टीम (Anti-Sabotage Team) तथा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां को बुलाया गया और सुरक्षा बलों ने अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट परिसर, डीएम कार्यालय के कमरों, गलियारों और वाहनों की गहनता से तलाशी ली।कई चरणों की सघन चेकिंग के बाद, पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल डीएम कार्यालय में कामकाज पूरी तरह सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया है और कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
साइबर टीम द्वारा तकनीकी जांच शुरू?
नोएडा पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। धमकी भरा ई-मेल किस आईपी (IP) एड्रेस से भेजा गया है और इसके पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाने के लिए साइबर क्राइम ब्रांच की टीम को काम पर लगा दिया गया है। पुलिस कलेक्ट्रेट के आसपास के डिजिटल साक्ष्यों और ई-मेल के ओरिजिन की तकनीकी जांच कर रही है ताकि दोषी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस की जनता से अपील!
गौतमबुद्ध नगर पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करें। एहतियात के तौर पर डीएम कार्यालय के आसपास सुरक्षा और सर्विलांस को पहले से अधिक मजबूत कर दिया गया है।
