Noida News : मजदूरों को मिलेगा डबल ओवरटाइम, साप्ताहिक अवकाश, DM का सख्त निर्देश

:- गौतमबुद्धनगर DM की अपील: अफवाहों से बचें, शांतिपूर्वक काम करें श्रमिक

:- साप्ताहिक अवकाश वाले दिन काम कराने पर मिलेगा दोगुना भुगतान

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

Noida : जनपद में औद्योगिक शांति और श्रमिकों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्रमिक भाइयों एवं बहनों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की है। हाल ही में बीते 2 से 3 दिनों के भीतर जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के साथ हुई बैठकों में कई अहम निर्णय लिए गए हैं, जिनका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने स्पष्ट किया कि अब सभी श्रमिकों को ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से किया जाएगा और इसमें किसी प्रकार की कटौती नहीं होगी। इसके साथ ही प्रत्येक श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश देना अनिवार्य होगा। यदि किसी श्रमिक से रविवार को कार्य लिया जाता है, तो उस दिन का भुगतान भी दोगुनी दर से किया जाएगा।

प्रशासन ने श्रमिकों के आर्थिक अधिकारों को मजबूत करते हुए यह भी निर्देश दिया है कि सभी श्रमिकों को नियमानुसार बोनस का भुगतान अधिकतम 30 नवंबर तक उनके बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा हर श्रमिक को समय पर वेतन मिलना भी सुनिश्चित किया गया है। आदेश के अनुसार प्रत्येक माह की 10 तारीख तक वेतन का एकमुश्त भुगतान अनिवार्य होगा और श्रमिकों को वेतन पर्ची देना भी जरूरी किया गया है।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने सभी औद्योगिक इकाइयों में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं, जिसकी अध्यक्ष एक महिला होगी। साथ ही शिकायत पेटी की व्यवस्था भी हर फैक्ट्री में की जाएगी, ताकि श्रमिक अपनी समस्याएं आसानी से दर्ज करा सकें। प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने एक कंट्रोल रूम की स्थापना की है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से श्रमिक अपनी शिकायत, समस्या या किसी भी प्रकार की सूचना दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए निम्नलिखित नंबर जारी किए गए हैं:
120-2978231, 120-2978232, 120-2978862, 120-2978702

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]