नोएडा में प्रदूषण नियमों की अनदेखी करने वाले बिल्डर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई की है। सेक्टर-113 के GH-01 प्रोजेक्ट पर 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। निरीक्षण में चार एंटी स्मॉग गन बंद और ग्रीन नेट गायब मिला।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के बीच नियमों का उल्लंघन करने वाले बिल्डरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नोएडा के सेक्टर-113 स्थित GH-01 प्रोजेक्ट पर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिल्डर कंपनी M/s GH113 Comt Construction Pvt. Ltd. पर 25 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है। बता दें कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने जब निर्माणाधीन साइट का औचक निरीक्षण किया, तो वहां ग्रैप (GRAP – ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) के नियमों का सरेआम उल्लंघन होता पाया गया। जांच के दौरान साइट पर धूल को दबाने के लिए लगाई गईं 4 एंटी स्मॉग गन बंद पड़ी थीं। इसके अलावा, निर्माण क्षेत्र को ढकने के लिए जरूरी ग्रीन नेट (हरे रंग का जाल) भी नदारद था, जिससे भारी मात्रा में धूल हवा में उड़ रही थी।
मुख्य पर्यावरण अधिकारी को भेजी रिपोर्ट!
साइट पर प्रदूषण नियंत्रण के कोई भी पुख्ता इंतजाम न मिलने पर बोर्ड ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। नियमों की अनदेखी पर 25 लाख रुपये की पेनाल्टी ठोकने के साथ ही स्थानीय अधिकारियों ने विस्तृत जांच रिपोर्ट मुख्य पर्यावरण अधिकारी को भेज दी है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि हवा को जहरीली बनाने वाले किसी भी प्रोजेक्ट या बिल्डर को बख्शा नहीं जाएगा।
