नोएडा को देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विधायक पंकज सिंह ने NEA पदाधिकारियों और उद्यमियों के साथ बैठक की। बैठक में उद्योगों की बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा, बिजली, कचरा प्रबंधन और कारोबार को आसान बनाने जैसे अहम मुद्दों पर मंथन हुआ।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | नोएडा के औद्योगिक विकास को एक नई उड़ान देने के लिए नोएडा विधानसभा सीट से विधायक पंकज सिंह ने आज सेक्टर-6 स्थित नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (NEA) के कार्यालय में उद्यमियों के साथ एक बेहद सार्थक और महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में नोएडा के विकास,फैक्ट्रियों की बुनियादी समस्याओं और औद्योगिक क्षेत्रों की आधुनिक आवश्यकताओं पर खुलकर चर्चा हुई। बता दें कि नोएडा के सेक्टर-6 स्थित NEA भवन में आज शहर के विकास को गति देने के लिए एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। स्थानीय विधायक पंकज सिंह ने NEA के पदाधिकारियों और शहर के नामचीन उद्यमियों से सीधा संवाद किया।बैठक की शुरुआत में उद्यमियों ने विधायक का स्वागत किया और नोएडा को देश का अग्रणी औद्योगिक शहर बनाने में अपनी प्रतिबद्धता जताई। इसके बाद, NEA प्रतिनिधियों ने विधायक के सामने एक मांग पत्र रखा। इसमें मुख्य रूप से औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे (Infrastructure) को मजबूत करने, बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और स्थानीय प्राधिकरण (Noida Authority) से जुड़े लंबित मामलों को जल्द सुलझाने की अपील की गई।विधायक पंकज सिंह ने सभी मुद्दों को ध्यान से सुना और उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “उद्यमी नोएडा की रीढ़ हैं। आपकी समस्याओं का समाधान करना और उद्योगों के लिए एक सुरक्षित व बेहतर माहौल तैयार करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।” उन्होंने अधिकारियों से बात कर इन समस्याओं को समय सीमा के भीतर हल कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में किन मुद्दों पर हुई चर्चा !
1-इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर: औद्योगिक सेक्टरों में टूटी सड़कों, ड्रेनेज (जल निकासी) और स्ट्रीट लाइट्स की स्थिति को सुधारने पर सहमति बनी।
2-सरलीकरण की मांग: उद्यमियों ने व्यापार को आसान बनाने (Ease of Doing Business) के लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और सरल करने की मांग रखी।
3-सुरक्षा व्यवस्था: औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस गश्त तेज करने पर विशेष चर्चा हुई।
4-कचरा प्रबंधन: फैक्ट्रियों से निकलने वाले सॉलिड वेस्ट (ठोस कचरे) के सही निपटारे के लिए आधुनिक सिस्टम बनाने पर बात हुई।
