Noida News : मुकेश शर्मा की श्रीराम कथा में दूसरे दिन गूंजे राम-सीता विवाह के प्रसंग, डॉ. कुमार विश्वास की शैली ने मोहा श्रोताओं का मन।

नोएडा के वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में मुकेश शर्मा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय श्रीराम कथा ‘अपने अपने राम’ के दूसरे दिन डॉ. कुमार विश्वास ने राम-सीता के प्रथम मिलन से लेकर स्वयंवर और विवाह तक के प्रसंगों को अपने अनूठे काव्यात्मक अंदाज में सुनाया। भक्ति, हास्य और कविता के संगम ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | सेक्टर-38ए स्थित वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं प्रमुख उद्यमी मुकेश शर्मा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय श्रीराम कथा ‘अपने अपने राम’ के दूसरे दिन राम-सीता विवाह का प्रसंग श्रद्धा, भक्ति और काव्यात्मक अंदाज में सुनाया गया। प्रख्यात रामकथा मर्मज्ञ डॉ. कुमार विश्वास ने अपनी विशिष्ट शैली में मिथिला नगरी, पुष्प वाटिका में राम-सीता के प्रथम मिलन, सीता स्वयंवर और भगवान राम द्वारा शिव धनुष भंग करने के प्रसंग को इस तरह प्रस्तुत किया कि श्रोता भावविभोर हो उठे।

कथा के दौरान डॉ. कुमार विश्वास ने बताया कि राजा जनक द्वारा सीता स्वयंवर की घोषणा के बाद गुरु विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण मिथिलापुरी पहुंचे। लक्ष्मण जी की नगर भ्रमण की इच्छा को समझते हुए गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से दोनों भाई नगर देखने निकले। इसी दौरान पुष्प वाटिका में भगवान राम और माता सीता का प्रथम मिलन हुआ। दोनों एक-दूसरे को एकटक निहारते रह गए।

इस प्रसंग को काव्यात्मक अंदाज में प्रस्तुत करते हुए डॉ. कुमार विश्वास ने कहा—

‘सूरज कुल का सूरज निहार, दृग दोनों सूरजमुखी हुए, या सीता जी के कमल नयन, रवि राम निरखकर सुखी हुए।’

उन्होंने बताया कि माता सीता ने उसी क्षण मन ही मन भगवान राम को अपना पति स्वीकार कर लिया था।

इसके बाद कथा में सीता स्वयंवर का प्रसंग आया। राजा जनक की प्रतिज्ञा के अनुसार देश-विदेश से आए अनेक राजा शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास करते रहे, लेकिन कोई भी उस विशाल धनुष को हिला तक नहीं सका। अंत में गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर भगवान श्रीराम आगे बढ़े। उन्होंने मन ही मन गुरु को प्रणाम किया और सहजता से शिव धनुष उठा लिया।

डॉ. कुमार विश्वास ने रामचरितमानस की चौपाई ‘गुरुहि प्रनामु मनहीं मन कीन्हा, अति लाघव उठाइ धनु लीन्हा’ के माध्यम से इस प्रसंग का वर्णन किया। भगवान राम के धनुष उठाते ही वह टूट गया और पूरा स्वयंवर स्थल जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद माता सीता ने भगवान राम के गले में वरमाला डाल दी।

कथा के इस प्रसंग में डॉ. कुमार विश्वास ने अपनी चिर-परिचित हास्य शैली का भी परिचय दिया। सीता जी द्वारा राम को वरमाला पहनाने के बाद दो सखियों के बीच हुए मजेदार संवाद का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि एक सखी ने कौशलपुर के बारे में चुटकी लेते हुए कहा कि वहां खीर खाने से बालक पैदा हो जाते हैं। इस पर लक्ष्मण जी भी कहां चुप रहने वाले थे। उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया—

‘मुस्का कर कहा लखन जी ने, है अचरज यहां बड़ा, बेटी समेत धरती से निकलता है यहां घड़ा।’

इस संवाद पर कथा स्थल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा। इस तरह डॉ. कुमार विश्वास ने हास्य, काव्य और भक्ति के संगम के साथ भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का प्रसंग सुनाया।

नई पीढ़ी को संस्कारों और आध्यात्म से जोड़ना कथा का उद्देश्य : मुकेश शर्मा

कार्यक्रम के आयोजक एवं शिक्षाविद् मुकेश शर्मा ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र हम सभी के लिए अनुकरणीय है। उनके जीवन से हमें सीख मिलती है कि एक भाई का दूसरे भाई के प्रति कैसा व्यवहार होना चाहिए और माता-पिता तथा गुरु की आज्ञा का पालन किस प्रकार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने आचरण से मानवता को संस्कारों की वास्तविक परिभाषा समझाई। उन्होंने ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर निषादराज, भील और वनवासियों को भी अपने गले लगाया। उनका जीवन समाज में समानता, प्रेम, मर्यादा और आपसी सद्भाव का संदेश देता है।

मुकेश शर्मा ने कहा कि इस तीन दिवसीय श्रीराम कथा के आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को आध्यात्म, भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना है, ताकि युवा पीढ़ी भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे सके।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]