Noida News : खातों से रकम साफ! ग्रेटर नोएडा की PNB शाखा में 35 करोड़ की हेराफेरी, मैनेजर समेत 5 सस्पेंड, एंटी करप्शन टीम मुस्तैद।

ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित PNB शाखा में करीब 35 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय हेराफेरी का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। ग्राहकों की FD तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के आरोपों के बीच ब्रांच मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस, विजिलेंस और एंटी करप्शन टीम मामले की जांच में जुटी हैं।

News Diary Today | Noida News

ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा में ग्राहकों की जमा पूंजी पर डाका डालते हुए करीब 35 करोड़ रुपये की भारी वित्तीय हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस महाघोटाले के उजागर होने के बाद बैंक प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक (ब्रांच मैनेजर) समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है और पूरी शाखा के पुराने स्टाफ को हटाकर वहां नए कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया है। बता दें कि दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित ऐच्छर गांव की पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा इन दिनों एक बड़े वित्तीय अपराध का केंद्र बन गई है। बैंक के भीतर से ही रची गई इस साजिश में सीधे तौर पर उन कर्मचारियों के नाम सामने आ रहे हैं, जिन पर लोग अपनी गाढ़ी कमाई सौंपकर भरोसा करते हैं।इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब कुछ स्थानीय ग्रामीणों और खाताधारकों ने अपनी पासबुक और बैंक स्टेटमेंट चेक किए। ग्राहकों के पैरों तले जमीन तब खिसक गई जब उन्हें पता चला कि उनकी जानकारी के बिना, बैंक के भीतर बैठे अधिकारियों ने उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को समय से पहले ही मैच्योर (तोड़) कर दिया और उस पैसे को RTGS के जरिए दूसरे अज्ञात व्यक्तियों के खातों में ट्रांसफर कर दिया। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रभावित लोगों में जेवर एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित जमीनों के मुआवजे की मोटी रकम बैंक में रखने वाले किसान व ग्रामीण भी शामिल हैं।ऐच्छर गांव के ही एक स्थानीय ट्रांसपोर्टर और ‘जय शिव ट्रांसपोर्ट’ के मालिक विनीत भाटी ने पुलिस में तहरीर देकर अपनी आपबीती बताई है। उन्होंने म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए बैंक कर्मियों से संपर्क किया था। आरोप है कि तत्कालीन ब्रांच मैनेजर के कहने पर उन्होंने कुछ चेक और ब्रोशर पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद चालाकी से उनकी 25 लाख की रकम उनके करंट या बचत खाते में ट्रांसफर होने के बजाय किसी अन्य दूसरे खाते में डाइवर्ट कर दी गई।

बैंक के बाहर भारी हंगामा और एक्शन?

धोखाधड़ी की बात आग की तरह फैली और मंगलवार को बैंक परिसर के बाहर पीड़ित खाताधारकों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पीएनबी के क्षेत्रीय कार्यालय (Regional Office) ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया।शाखा प्रबंधक (Manager) समेत कुल 5 आरोपियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।ऐच्छर शाखा से पुराने स्टाफ को हटाकर ग्राहकों के कामकाज को संभालने के लिए तत्काल नए स्टाफ की तैनाती कर दी गई है ताकि बैंक का काम प्रभावित न हो।इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने अब तक मिली 16 से अधिक शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के साथ-साथ एंटी करप्शन और विभागीय विजिलेंस टीम भी पूरे रिकॉर्ड्स खंगालने में जुटी है।बैंक के उच्च अधिकारियों ने पीड़ित खाताधारकों को भरोसा दिलाया है कि आंतरिक जांच पूरी होते ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमों के तहत ग्राहकों की रकम वापस दिलाई जाएगी।

Author