Noida News : दिल्ली की शराब लाई तो खैर नहीं! नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल में आबकारी विभाग का छापा, 4 टीमों ने दी दबिश।

त्योहारों के सीजन में नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल में आबकारी विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। चार विशेष टीमों ने अचानक रेस्टोरेंट-बार में छापेमारी कर संचालकों को चेतावनी दी है कि दिल्ली या अन्य राज्यों की शराब मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने समेत कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए नोएडा के सबसे चर्चित पार्टी हब गार्डन गैलेरिया मॉल में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार, ज़िलाधिकारी गौतमबुद्धनगर और पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के कड़े निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में यह औचक निरीक्षण (सरप्राइज चेकिंग) अभियान चलाया गया। बता दें कि त्योहारों के दौरान शराब की तस्करी और अवैध परोसने की आशंका को देखते हुए जनपदीय आबकारी निरीक्षकों की 04 विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने मॉल के भीतर संचालित होने वाले तमाम रेस्टोरेंट-बार अनुज्ञापनों (लाइसेन्स धारकों) का अचानक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से बार संचालकों में हड़कंप मच गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी बार संचालकों को बेहद सख्त लहजे में चेतावनी दी है। जिला आबकारी अधिकारी ने साफ कहा कि किसी भी दशा में दिल्ली या अन्य राज्यों (हरियाणा आदि) की मदिरा का संचय (स्टॉक) या ग्राहकों को परोसते हुए पाया गया, तो बार का लाइसेंस तुरंत निरस्त करने के साथ-साथ नियम अनुसार कठोर विधिक व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बार नियमावली का पालन अनिवार्य?

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने कहा कि सभी बार अनुज्ञपियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उत्तर प्रदेश बार नियमावली के अनुरूप ही अपने रेस्टोरेंट-बार का संचालन करें। निर्धारित समय सीमा का पालन करने, तय मात्रा से अधिक शराब न रखने और केवल उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए मान्य शराब ही बेचने की हिदायत दी गई है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि त्योहारों के मद्देनजर यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Author