नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में महत्वपूर्ण बदलाव: IPS प्रीति यादव बनीं नोएडा जोन की पहली महिला डीसीपी!

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। IPS प्रीति यादव को नोएडा जोन-1 का नया DCP बनाया गया है। इस नियुक्ति के साथ नोएडा जोन की कमान संभालने वाली वह पहली महिला DCP बनी हैं। जानिए कौन हैं प्रीति यादव और क्यों उनकी तैनाती को अहम माना जा रहा है।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ : गौतमबुद्धनगर (नोएडा) पुलिस कमिश्नरेट में आज एक बड़ा और महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। पुलिस कमिश्नर (CP) लक्ष्मी सिंह ने महिला सशक्तिकरण और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 2019 बैच की तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी प्रीति यादव को नोएडा जोन-1 का नया डीसीपी (Deputy Commissioner of Police) नियुक्त किया है। यह पहला मौका है जब नोएडा जोन की कमान किसी महिला डीसीपी के हाथों में सौंपी गई है। बता दें कि नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के गठन के बाद यह पहला मौका है जब नोएडा जैसे हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील जोन की जिम्मेदारी सीधे तौर पर किसी महिला डीसीपी को मिली है।यूपी की पहली महिला पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने एक बार फिर महिला अधिकारियों की क्षमता पर भरोसा जताया है। उन्होंने प्रीति यादव की कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें इस बेहद महत्वपूर्ण जोन की कमान सौंपी है।आईपीएस प्रीति यादव इससे पहले नोएडा कमिश्नरेट में ही बतौर एडिशनल डीसीपी (महिला सुरक्षा व साइबर क्राइम) की जिम्मेदारी बखूबी संभाल रही थीं।

आईपीएस प्रीति यादव: हेड कांस्टेबल की बेटी से ‘स्टार कॉप’ बनने का सफर

मूल रूप से रेवाड़ी (हरियाणा) की रहने वाली प्रीति यादव ने साल 2019 में अपने पहले ही प्रयास में मात्र 22 साल की उम्र में यूपीएससी (UPSC) परीक्षा क्रैक कर 466वीं रैंक हासिल की और आईपीएस बनीं।प्रीति के पिता मुकेश यादव चंडीगढ़ पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। बचपन से पिता की खाकी वर्दी को देखकर ही प्रीति के मन में देश सेवा और पुलिस अधिकारी बनने का सपना जागा था।प्रीति यादव पुलिस और जनता के बीच की दूरी को मिटाने के लिए जानी जाती हैं। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट (सेक्टर-108) में पुलिस-पब्लिक बॉन्डिंग को मजबूत करने के लिए खुला ‘कैफे रिस्टा’ (Cafe Rista) इन्हीं की अनूठी सोच का नतीजा है, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

क्यों अहम है यह जिम्मेदारी?

नोएडा जोन-1 वीवीआईपी (VVIP) मूवमेंट, बड़े कॉरपोरेट ऑफिसों, बहुमंजिला सोसायटियों और दिल्ली-एनसीआर से सटे होने के कारण सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। इस महत्वपूर्ण जोन में डीसीपी के पद पर प्रीति यादव की तैनाती से यह साफ है कि कमिश्नरेट में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ महिला सुरक्षा और कम्युनिटी पुलिसिंग को नए आयाम मिलेंगे।

Author