घरों और कंपनियों को निशाना बनाने वाले चोरों पर नोएडा पुलिस का डबल अटैक।

न्यूज़ डायरी,नोएडा।
नोएडा पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए घरों, पीजी, फैक्ट्रियों और कंपनियों को निशाना बनाने वाले दो अलग-अलग गिरोहों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना फेस-1 और थाना-24 पुलिस द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में की गई, जिसमें अंतरराज्यीय चोरों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का चोरी का सामान, मास्टर चाबी और एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया है।


फैक्ट्रियों को निशाना बनाता था अंतरराज्यीय गिरोह


थाना फेस-1 पुलिस की बड़ी सफलता
थाना फेस-1 पुलिस ने जिस गिरोह को गिरफ्तार किया है, वह मुख्य रूप से फैक्ट्रियों और कंपनियों को निशाना बनाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिन के समय चार पहिया वाहन से फैक्ट्रियों की रैकी करते थे और रात में कोहरे का फायदा उठाकर मास्टर चाबी से ताले खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह अंतरराज्यीय है और इनके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना फेस-1 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, मास्टर चाबी और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।


घरों, पीजी और सार्वजनिक स्थानों से करते थे चोरी


थाना-24 पुलिस ने दबोचा शातिर गिरोह
वहीं थाना-24 पुलिस ने ऐसे चोरों को गिरफ्तार किया है जो घरों, पीजी और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाते थे। आरोपी महंगे मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे और बाद में राहगीरों को सस्ते दामों पर बेच दिया करते थे।
थाना-24 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप बरामद किए हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये आंकी गई है।



नोएडा डीसीपी यमुना प्रसाद ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि थाना फेस-1 से गिरफ्तार आरोपियों के नाम आरिफ उर्फ चंकी और सोनू उर्फ जाकिर हैं। इनमें आरिफ इस गिरोह का मास्टरमाइंड है, जबकि सोनू उसके साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। दोनों के पास एक कार है, जिससे वे दिन में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकानों की रैकी करते और रात में मास्टर चाबी से ताले खोलकर चोरी करते थे।
वहीं थाना-24 से गिरफ्तार चोरों की पहचान श्याम उर्फ भूरा और चंद्रशेखर उर्फ राजू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पहले भी चोरी की कई वारदातों में शामिल रह चुके हैं। हाल ही में इन्होंने सेक्टर-12 और झुंडपुरा गांव में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था, जिसके बाद से पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी।



पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इनके आपराधिक इतिहास की गहन जांच की जा रही है। नोएडा पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]