चार्ज संभालते ही एक्शन मोड में दिखे नए अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा : छठ पर्व की सुरक्षा को लेकर यमुना और हिंडन घाटों का किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

नोएडा में पदभार संभालते ही नए अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा एक्शन मोड में नजर आए। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने यमुना और हिंडन घाटों का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को सुरक्षा, ट्रैफिक व भीड़ प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश दिए।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | नवनियुक्त अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) संकल्प शर्मा ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी कार्यशैली के तेवर स्पष्ट कर दिए हैं। आगामी छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उन्होंने मैदान में उतरकर विभिन्न छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। बता दें कि अपर पुलिस आयुक्त ने सर्वप्रथम अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा अभय कुमार मिश्रा और एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार सिंह के साथ थाना सेक्टर-126 क्षेत्रांतर्गत स्थित यमुना घाट का दौरा किया। इसके पश्चात उन्होंने एसीपी-3 सेन्ट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता के साथ थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के हिंडन घाट पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

हर बिंदु पर बारीकी से नजर!

निरीक्षण के दौरान श्री शर्मा ने घाटों पर जुटने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहूलियत से जुड़ी हर व्यवस्था को परखा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।गहरे पानी में किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की अनिवार्य तैनाती और मजबूत बैरिकेडिंग।घाटों की ओर आने-जाने वाले मार्गों पर सुगम यातायात व्यवस्था और वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल।घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी योजना।महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी।

अधिकारियों को सख्त संदेश!

निरीक्षण के अंत में अपर पुलिस आयुक्त ने सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस बल को घाटों पर लगातार भ्रमणशील (पेट्रोलिंग) रहकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखनी होगी।

Author