News Diary Today |Noida News
नोएडा न्यूज़ | नोएडा के सेक्टर-150 में रविवार को 58 वर्षीय मोहम्मद इस्लाम का शव एक खुले नाले से बरामद हुआ। तीन दिनों से लापता चल रहे इस्लाम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है और खुले नालों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बता दें कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में खुले पड़े नाले लगातार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। ताजा मामला नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर-150 का है, जहाँ रविवार को एक खुले नाले में 58 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस जांच में मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम पुत्र अजीज (उम्र लगभग 58 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के संभल जिले के रजपुरा के निवासी थे और वर्तमान में नोएडा के कोंडली गांव में रहकर एक सोसायटी में हाउसकीपिंग का काम करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे।परिजनों ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद इस्लाम तीन दिन पहले शराब पीने की बात कहकर घर से निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। पुलिस की शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में संतुलन बिगड़ने के कारण वह खुले नाले में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज!
नॉलेज पार्क थाना पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
प्रशासनिक लापरवाही पर फिर उठे सवाल!
गौरतलब है कि सेक्टर-150 और नोएडा के अन्य हिस्सों में खुले नालों व गड्ढों में गिरकर मौत होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जनवरी 2026 में सेक्टर-150 में ही पानी से भरे गड्ढे में गिरने से एक युवा इंजीनियर की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद नालों को न ढके जाने और बैरिकेडिंग न होने से स्थानीय लोगों में प्रशासन और प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है।