सड़क सुरक्षा माह-2026: गौतमबुद्धनगर में यातायात पुलिस का सख्त अभियान, 7,291 ई-चालान कटे

✍️ योगेश राणा

न्यूज़ डायरी, नोएडा।

गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत गुरुवार (8 जनवरी, 2026) को जिलेभर में एक व्यापक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाना रहा। अभियान के दौरान सेक्टर-15, सेक्टर-16, सेक्टर-18, बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन सहित अन्य प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।


यातायात पुलिस ने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को ISI मानक हेलमेट पहनने, वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करने और यात्रियों के साथ शालीन एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की सलाह दी। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ के मंत्र को अपनाने और नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की।


अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की गई। यातायात पुलिस ने कुल 7,291 ई-चालान जारी किए। इनमें 3,298 चालान मैनुअल रूप से काटे गए, जबकि 3,993 चालान ISTMS (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कैमरों के माध्यम से दर्ज किए गए। गंभीर यातायात उल्लंघन के मामलों में पुलिस ने 26 वाहनों को सीज भी किया।
आंकड़ों के अनुसार, बिना हेलमेट वाहन चलाने के सबसे अधिक 2,832 चालान काटे गए। इसके अलावा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 562 चालान और तेज गति से वाहन चलाने (ओवर स्पीड) पर 423 चालान किए गए।


यातायात पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों का पालन न केवल चालान से बचने के लिए, बल्कि स्वयं और दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए जरूरी है। प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता और अनुशासन से ही सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.