मातम में बदलीं खुशियां : घर पर की थी दिवाली की पूजा, ड्यूटी पर लौट रहे जांबाज सब-इंस्पेक्टर वैभव कुमार का एक्सीडेंट”

नोएडा में तैनात युवा दरोगा वैभव कुमार की शामली में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। दीपावली पर घर में पूजा कर परिवार से मिलने के बाद वह ड्यूटी पर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अचानक सामने आई नीलगाय के चलते उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनके साथी प्रशांत चौहान भी गंभीर रूप से घायल हो गए। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | उत्तर प्रदेश के शामली जिले में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में नोएडा में तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक (दरोगा) वैभव कुमार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक नीलगाय आ जाने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में कार सवार वैभव कुमार की जान चली गई, जबकि उनके साथी प्रशांत चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

नोएडा के थाना सेक्टर-49 में तैनात थे वैभव कुमार

मृतक उपनिरीक्षक वैभव कुमार गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में तैनात थे। वे मूल रूप से सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव घसौली के निवासी थे। वैभव कुमार 2023 बैच के पुलिसकर्मी बताए गए हैं। उनकी असामयिक मौत की खबर से पुलिस विभाग और उनके परिचितों में शोक का माहौल है।

नीलगाय को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर 2026 की रात वैभव कुमार अपने साथी प्रशांत चौहान के साथ कार से नोएडा लौट रहे थे। इसी दौरान शामली शहर कोतवाली क्षेत्र में गांव लांक के पास दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

साथी प्रशांत चौहान गंभीर रूप से घायल

हादसे में उपनिरीक्षक वैभव कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद प्रशांत चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल प्रशांत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर शामली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई

शामली पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया गया। हादसे के संबंध में पुलिस की ओर से जांच और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

Author